फतेहाबाद/आगरा: थाना बमरौली कटारा क्षेत्र के इनर रिंग रोड स्थित यमुना पुल से बुधवार सुबह युवक के नदी में कूदने की सूचना से पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही एसीपी फतेहाबाद अनिल कुमार व थानाध्यक्ष बमरौली कटारा हरीश शर्मा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और रेस्क्यू अभियान शुरू कराया गया।
एसीपी अनिल कुमार ने बताया कि युवक की पहचान राहुल वर्मा (23) पुत्र मुन्नालाल निवासी कृष्णा विहार कॉलोनी, देवरी रोड, थाना सदर बाजार, आगरा के रूप में हुई है, जो एक स्थानीय चैनल में कैमरामैन के पद पर कार्यरत है। प्रथम दृष्टया मामला घरेलू विवाद से जुड़ा प्रतीत हो रहा है। घटना सुबह करीब 11:30 बजे की बताई जा रही है। बताया गया कि राहुल अपने एक साथी के साथ मोटरसाइकिल से यमुना पुल पर पहुंचा था।
इसी दौरान मोबाइल फोन पर पत्नी से किसी बात को लेकर विवाद हो गया। विवाद के बाद वह अचानक पुल से यमुना नदी में कूद गया। साथ आए युवक ने शोर मचाया, जिसके बाद राहगीरों ने पुलिस को सूचना दी।मौके पर पीएसी फ्लड टीम व स्थानीय गोताखोरों को लगाया गया है। यमुना नदी में सघन सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है। परिजनों को घटना की सूचना दे दी गई है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार राहुल की शादी हाल ही में अप्रैल 2025 में हुई थी। समाचार लिखे जाने तक युवक का कोई सुराग नहीं लग सका था।
- रिपोर्ट – सुशील गुप्ता





