अलीगंज/एटा। मिशन शक्ति अभियान के तहत महिला सुरक्षा और सशक्तिकरण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से महिला पुलिस टीम ने गांव-गांव जाकर जागरूकता अभियान चलाया। इस दौरान महिला पुलिसकर्मियों ने महिलाओं और किशोरियों से संवाद कर उन्हें आत्मरक्षा, साइबर क्राइम से बचाव और कानून द्वारा मिले अधिकारों की जानकारी दी।
थाना अलीगंज महिला पुलिस द्वारा महिला चौकी इंचार्ज मनीष यादव और कांस्टेबल मनोज कुमारी ने ग्राम फर्दपुरा, हरसिंहपुर, कालिंजर मे महिलाओं और बालिकाओं को जागरूक किया। इस दौरान चौकी इंचार्ज मनीष यादव ने बताया कि किसी भी तरह की हिंसा, उत्पीड़न या अपराध की स्थिति में वे तुरंत 112, 1090 (महिला हेल्पलाइन) या 181 (महिला सहायता नंबर) पर संपर्क कर सकती हैं।
इसके साथ ही उन्होंने पंपलेट वितरित कर मिशन शक्ति अभियान के तहत उपलब्ध सरकारी योजनाओं और सहायता सेवाओं की जानकारी दी। मिशन शक्ति का उद्देश्य समाज में महिलाओं के प्रति सम्मान और सुरक्षा की भावना को मजबूत करना है। उन्होंने ग्रामीण महिलाओं से आग्रह किया कि वे खुद जागरूक रहें और अपने आस-पास की अन्य महिलाओं को भी जागरूक करें ताकि हर स्तर पर सुरक्षा का वातावरण बन सके।
- रिपोर्ट – सुनील गुप्ता





