रिपोर्ट – राजू कश्यप
मथुरा। थाना राया क्षेत्र के गांव नगला विजई में बुधवार की दोपहर दर्दनाक हादसा हो गया। गांव निवासी सुरेश की पत्नी विमलेश (40 वर्ष) मकान में अचानक करंट आने से उसकी चपेट में आ गई, जिससे उसकी मौत हो गई। घटना के बाद पूरे परिवार में कोहराम मच गया।
जानकारी के अनुसार, दोपहर करीब 1 बजे बारिश के दौरान मकान में अचानक करंट फैल गया। इसी दौरान विमलेश करंट की चपेट में आ गई। परिजनों और ग्रामीणों ने तत्काल उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र राया पहुंचाया, जहां से डॉक्टरों ने हालत गंभीर देखते हुए मथुरा रेफर कर दिया। इसके बाद उन्हें एक प्राइवेट अस्पताल और फिर जिला अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद महिला को मृत घोषित कर दिया।
महिला के देवर नन्हा ने बताया कि हादसे के समय घर में हड़कंप मच गया था। विमलेश के पति सुरेश मेहनत-मजदूरी करके परिवार का पालन-पोषण करते हैं। मृतका चार बच्चों की मां थी। अचानक हुई इस दर्दनाक घटना से पूरे परिवार और गांव में शोक की लहर दौड़ गई।
