फतेहाबाद/आगरा (संवाददाता)। थाना क्षेत्र के ग्राम पारोली सिकरवार में पति द्वारा पत्नी के साथ मारपीट करने का मामला सामने आया है, जिसमें महिला घायल हो गई। जानकारी के अनुसार ग्राम धारापुरा निवासी सुमन की शादी करीब 14 वर्ष पहले पारोली सिकरवार निवासी युवक के साथ हुई थी। आरोप है कि पति अक्सर उसे प्रताड़ित करता था और आए दिन मारपीट करता रहता था।
सोमवार सुबह भी किसी बात को लेकर पति ने सुमन को बुरी तरह पीट दिया, जिससे उसके सिर में गंभीर चोटें आईं। घटना की सूचना मिलने पर महिला के मायके वाले मौके पर पहुंचे और उसे फतेहाबाद थाने ले गए। बाद में पुलिस ने घायल महिला को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र फतेहाबाद भेज दिया।
पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और शिकायत के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।























