फिरोजाबाद: जिले के थाना उत्तर क्षेत्र में जलेसर रोड पर हुई एक लाख रुपये की लूट का पुलिस ने मात्र 24 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया है। हैरान करने वाली बात यह सामने आई है कि इस वारदात को किसी बाहरी अपराधी ने नहीं, बल्कि मोनार्क होटल के बार में काम करने वाले वेटरों ने ही अंजाम दिया था।
थाना उत्तर पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर घेराबंदी करते हुए संजीव कुमार उर्फ लवलेश, अभय कुमार और संदीप को इस्लामिया इंटर कॉलेज ग्राउंड के पास से गिरफ्तार किया है।
कैसे दिया वारदात को अंजाम
एसपी सिटी रविशंकर प्रसाद के अनुसार, पीड़ित अखिलेश पालीवाल जब होटल बार में शराब पीने के बाद बाहर निकले, तो बार में काम करने वाले वेटरों ने उनकी रेकी शुरू कर दी। इसके बाद आरोपियों ने विजय कलेक्शन के सामने पीड़ित से नकदी लूट ली और फरार हो गए।
पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और संदिग्धों की पहचान कर उन्हें दबोच लिया।
नकदी और बाइक बरामद
गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से पुलिस ने
-
90,200 रुपये नकद
-
घटना में प्रयुक्त पल्सर मोटरसाइकिल बरामद की है।
एक आरोपी शातिर अपराधी
थाना उत्तर के इंस्पेक्टर अंजीश कुमार सिंह ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी संदीप एक शातिर अपराधी है, जिसके खिलाफ पहले से ही पॉक्सो एक्ट और महिला उत्पीड़न जैसे गंभीर मामलों में मुकदमे दर्ज हैं।





