फतेहाबाद/आगरा: फतेहाबाद में अपर जिलाधिकारी (नगर)/उप जिला निर्वाचन अधिकारी यमुनाधर चौहान के निर्देश पर मतदाता सूची का विशेष पुनरीक्षण अभियान चलाया गया। इस दौरान फतेहाबाद के सभी मतदेय स्थलों पर बीएलओ द्वारा आम जनता को मतदाता सूची पढ़कर सुनाई गई। अधिकारियों ने विभिन्न बूथों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा भी लिया।
बूथों पर पहुंचे मतदाताओं को बताया गया कि जिन पात्र नागरिकों के नाम मतदाता सूची में शामिल नहीं हैं, वे अपना नाम जुड़वाने के लिए फॉर्म-6 भर सकते हैं। इस फॉर्म के साथ रंगीन पासपोर्ट साइज फोटो, मोबाइल नंबर, आयु प्रमाण-पत्र, निवास का पता और परिवार के किसी सदस्य के मतदाता पहचान-पत्र की छायाप्रति संलग्न करना अनिवार्य होगा। यह फॉर्म निकटतम मतदेय स्थल पर निःशुल्क उपलब्ध है।
इसके अतिरिक्त, जो मतदाता स्थायी रूप से अन्यत्र चले गए हैं या जिनकी मृत्यु हो गई है, उनके नाम हटाने के लिए फॉर्म-7 भरा जाएगा। मतदाता सूची में किसी भी प्रकार का संशोधन कराने के इच्छुक नागरिक फॉर्म-8 भरकर आवश्यक साक्ष्य के साथ संबंधित मतदेय स्थल या तहसील स्थित मतदाता पंजीकरण केंद्र पर जमा कर सकते हैं।
जनपद के ईआरओ, एईआरओ और सुपरवाइजरों ने अर्हता तिथि 01 जनवरी 2026 के आधार पर चल रहे निर्वाचक नामावलियों के विशेष गहन पुनरीक्षण-2026 कार्यक्रम के तहत आलेख्य निर्वाचक नामावली पठन कार्य का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने विभिन्न बूथों पर जाकर व्यवस्थाओं का जायजा लिया और सुनिश्चित किया कि प्रक्रिया सुचारु रूप से चल रही है।
- रिपोर्ट – सुशील गुप्ता





