• भिक्षावृत्ति रोकने के दावों के बीच महिलाएं छोटे बच्चों के साथ मांग रहीं भीख,
• स्मार्ट सिटी झांसी की छवि पर असर
झांसी(संवाददाता)। स्मार्ट सिटी झांसी के प्रमुख इलाइट चौराहे पर छोटे बच्चों से भीख मंगवाए जाने का मामला सामने आने के बाद प्रशासनिक दावों पर सवाल खड़े हो गए हैं। सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे एक वीडियो में महिलाएं छोटे-छोटे बच्चों और बच्चियों के साथ राहगीरों से भीख मांगती दिखाई दे रही हैं।
स्थानीय लोगों का कहना है कि यह स्थिति लंबे समय से बनी हुई है, लेकिन इसके बावजूद भिक्षावृत्ति पर रोक लगाने के लिए प्रभावी कार्रवाई नजर नहीं आ रही है। जबकि प्रशासन की ओर से समय-समय पर शहर में भिक्षावृत्ति पर रोक लगाने के दावे किए जाते रहे हैं।
जानकारों का कहना है कि इलाइट चौराहा शहर का प्रमुख और व्यस्ततम स्थान है, जहां से रोजाना हजारों लोग गुजरते हैं। ऐसे में यहां बच्चों से भीख मंगवाने की घटनाएं न केवल कानून व्यवस्था पर सवाल उठाती हैं, बल्कि स्मार्ट सिटी झांसी की छवि को भी प्रभावित करती हैं।
स्थानीय नागरिकों ने मांग की है कि पुलिस, महिला एवं बाल विकास विभाग और नगर निगम संयुक्त रूप से कार्रवाई कर बच्चों को भिक्षावृत्ति से मुक्त कराएं और जिम्मेदार लोगों के खिलाफ सख्त कदम उठाएं।























