फतेहाबाद/आगरा। थाना डौकी क्षेत्र के ग्राम पैतीखेड़ा में मंगलवार दोपहर उस समय हंगामा हो गया, जब बिजली बिल राहत योजना–2025 के अंतर्गत बकाया उपभोक्ताओं के पंजीकरण के लिए पहुंचे विद्युत विभाग के कर्मचारियों के साथ मारपीट की गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार मंगलवार को समय करीब 1:50 बजे विद्युत विभाग की टीम उच्चाधिकारियों के निर्देश पर ग्राम पैतीरखेड़ा में बकाया बिजली बिल वाले उपभोक्ताओं का पंजीकरण कराने पहुंची थी। टीम जब बेताल सिंह के घर पहुंची तो परिसर में लगा स्मार्ट मीटर जला हुआ पाया गया।
मौके पर मौजूद सुभाष पुत्र बेताल सिंह ने बताया कि रात में मीटर में आग लग गई थी।कनेक्शन संख्या 1028916000 की जांच करने पर 14,923 रुपये का बिजली बिल बकाया पाया गया। जब कर्मचारी ने बकाया राशि जमा करने को कहा तो उपभोक्ता ने पहले मीटर बदलने की बात कहते हुए भुगतान से इनकार कर दिया। कर्मचारियों ने उसे बिजली बिल राहत योजना में पंजीकरण कराकर आवेदन देने की सलाह दी, लेकिन उसने मना कर दिया।
बताया गया कि बिना मीटर बिजली आपूर्ति संभव न होने की बात कहकर जैसे ही कर्मचारी केबिल काटने के लिए पोल पर चढ़ने लगे, तभी सुभाष ने गाली-गलौज शुरू कर दी। विरोध करने पर उसने कर्मचारी को पकड़कर नीचे गिरा दिया और लात-घूंसों से मारपीट की। बीच-बचाव करने पहुंचे अन्य कर्मचारियों के साथ भी अभद्रता की गई।
आरोप है कि इसी दौरान बेताल सिंह व दीवानी भी मौके पर आ गए और लाठी-डंडा लेकर मारने के लिए दौड़े। घटना की वीडियो बना रहे कर्मचारी का मोबाइल फोन छीनकर जमीन पर पटक दिया गया। बाद में पुलिस मौके पर पहुंची, तब जाकर कर्मचारी वहां से सुरक्षित निकल सके।पीड़ित कर्मियों ने थाना डौकी में आरोपियों के खिलाफ सरकारी कार्य में बाधा, मारपीट, गाली-गलौज और धमकी देने के आरोप में शिकायत दी है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।
- रिपोर्ट – सुशील गुप्ता

