फतेहाबाद/आगरा: फतेहाबाद स्थित राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय के राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS) के सात दिवसीय विशेष शिविर के तीसरे दिन, 23 फरवरी 2026 को अभिग्रहित ग्राम प्रतापपुर में विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम की शुरुआत स्वयंसेवकों द्वारा स्वच्छता अभियान से हुई, जिसमें उन्होंने परिसर की साफ-सफाई की। इसके बाद गांव में ‘स्वास्थ्य एवं पोषण’ विषय पर जागरूकता रैली निकाली गई। इस रैली के माध्यम से ग्रामीणों को स्वास्थ्य और संतुलित आहार के महत्व के बारे में जानकारी दी गई।
रैली के उपरांत एक विचार गोष्ठी का आयोजन किया गया, जिसका संचालन राष्ट्रीय सेवा योजना के कार्यक्रम अधिकारी डॉ. राजधारी यादव ने किया। मुख्य वक्ता प्रधानाध्यापक अंकिता वर्मा ने स्वास्थ्य और पोषण पर विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने दैनिक जीवन में पर्याप्त मात्रा में प्रोटीन, विटामिन और खनिज लवण लेने तथा योग व व्यायाम को जीवनशैली का हिस्सा बनाने पर जोर दिया।
वनस्पति विज्ञान के प्रोफेसर डॉ. नेत्रपाल सिंह ने स्वस्थ रहने के लिए आवश्यक गतिविधियों पर विस्तार से प्रकाश डाला। इस दौरान राष्ट्रीय सेवा योजना के स्वयंसेवकों ने भी अपने विचार साझा किए। इस कार्यक्रम में महाविद्यालय के सभी प्राध्यापक, कर्मचारी और राष्ट्रीय सेवा योजना के स्वयंसेवी उपस्थित थे।
- रिपोर्ट – सुश्ल गुप्ता





