आगरा: आगरा के एत्मादपुर थाना क्षेत्र में 27-28 दिसंबर की रात घने कोहरे के बीच एक प्लास्टिक दाना बनाने वाली फैक्ट्री में अचानक भीषण आग भड़क उठी। ज्वलनशील सामग्री होने से आग तेजी से फैल रही थी, लेकिन यूपी-112 पुलिस की सतर्कता और बेहतरीन समन्वय ने किसी बड़े हादसे को टाल दिया। कोई जनहानि नहीं हुई और फैक्ट्री को भारी नुकसान से बचाया गया।
पुलिस कमिश्नर दीपक कुमार के निर्देशन में जैसे ही सूचना मिली, PRV-0022 टीम तुरंत मौके पर रवाना हुई। टीम में मुख्य आरक्षी अरविंद प्रताप सिंह (कमांडर), मुख्य आरक्षी वीर सिंह (सब कमांडर) और आरक्षी चालक आशीष कुमार सिंह शामिल थे।
सीमित दृश्यता के बावजूद टीम अल्प समय में घटनास्थल पर पहुंची, राहत-बचाव शुरू किया और लोकल लोगों की मदद से आग को फैलने से रोका। साथ ही अग्निशमन विभाग को सूचित किया।
PRV टीम ने अपने इलाकाई ज्ञान का इस्तेमाल कर फायर ब्रिगेड को राष्ट्रीय राजमार्ग से सुरक्षित और तेजी से फैक्ट्री तक गाइड किया। नतीजा – आग पर समय रहते काबू पा लिया गया।
फैक्ट्री मालिक और लोकल नागरिकों ने PRV टीम की तत्परता और साहस की जमकर तारीफ की। उन्होंने आगरा पुलिस का आभार जताया। यह घटना साबित करती है कि यूपी-112 आपातकाल में जनता की मजबूत ढाल है।























