फतेहपुर सीकरी/आगरा। केंद्रीय मंत्री एसपी सिंह बघेल रविवार अपराह्न ऐतिहासिक नगरी फतेहपुर सीकरी पहुंचे। यहाँ उन्होंने हजरत शेख सलीम चिश्ती की दरगाह पर चादरपोशी कर देश में अमन-चैन और खुशहाली की दुआ मांगी। दरगाह के खादिमों ने उन्हें चादर पोशी कराई।
दरगाह परिसर में शाही कव्वालों द्वारा प्रस्तुत सूफियाना कव्वालियों ने माहौल को आध्यात्मिक रंग में डुबो दिया। केंद्रीय मंत्री करीब एक घंटे तक कव्वालियों का लुत्फ उठाते रहे और सूफियाना माहौल में खोए नज़र आए। इस दौरान उन्होंने पर्यटकों और प्रशंसकों के साथ तस्वीरें भी खिंचवाईं।
चादरपोशी के बाद केंद्रीय मंत्री ने बुलंद दरवाजा, शाही दरवाजा और अन्य ऐतिहासिक इमारतों का भी अवलोकन किया। इस दौरान उन्होंने फतेहपुर सीकरी की स्थापत्य कला की भव्यता और ऐतिहासिक धरोहर की सराहना करते हुए इसे देश की गौरवशाली विरासत बताया।
- रिपोर्ट – दिलशाद समीर