फतेहाबाद : शुक्रवार को फतेहाबाद क्षेत्र में दो अलग-अलग स्थानों पर हुई सड़क दुर्घटनाओं ने इलाके में सनसनी फैला दी। इन हादसों में एक युवक की मौत हो गई, जबकि नौ लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

पहली घटना शुक्रवार शाम फतेहाबाद बाह मार्ग पर लोहिया पेट्रोल पंप के पास हुई। थाना पीढ़ोरा क्षेत्र के गांव गगन की बलाई निवासी कालीचरन पुत्र बिजेंद्र सिंह अपने साले रोतान सिंह उम्र लगभग 40 वर्ष पुत्र लख्मीचंद के साथ बाइक से फतेहाबाद से अपने गांव लौट रहे थे। जैसे ही दोनों लोहिया पेट्रोल पंप के पास पहुंचे, तभी अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में रोतान सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि कालीचरन भी चोटिल हो गए।

सूचना पर पहुंची फतेहाबाद पुलिस ने दोनों घायलों को तत्काल अस्पताल भिजवाया, जहां चिकित्सकों ने रोतान सिंह को मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और अज्ञात वाहन की तलाश शुरू कर दी है।

वहीं दूसरी घटना शुक्रवार देर शाम की है। फिरोजाबाद की ओर से फतेहाबाद आ रही एक स्कार्पियो गाड़ी बालाजी अस्पताल के पास अचानक सामने आई गाय को बचाने के प्रयास में अनियंत्रित हो गई और सड़क किनारे खड़े पेड़ से जा टकराई।

हादसे में वाहन में सवार गंभीर सिंह पुत्र मुन्नालाल, उनकी पत्नी सीता, शिवानी पुत्री जयपाल सिंह, सपना पत्नी पिंकी, महेंद्र सिंह पुत्र सुल्तान सिंह, उनकी पत्नी मटरो देवी निवासीगण फलाइची, थाना मटसेना, फिरोजाबाद, मनोरमा पत्नी हरिओम निवासी मोहनपुर फतेहाबाद तथा अनु पुत्री महेंद्र सिंह निवासी दलीपुरा थाना मटसेना फिरोजाबाद गंभीर रूप से घायल हो गए।

घायलों को एंबुलेंस की सहायता से अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका उपचार जारी है। बताया गया है कि सभी लोग थाना मनिया, धौलपुर राजस्थान क्षेत्र में रिश्तेदारी में आयोजित त्रयोदशी संस्कार के निमंत्रण में शामिल होने जा रहे थे।पुलिस दोनों घटनाओं की जांच कर रही है।

  • रिपोर्ट – सुशील गुप्ता

दैनिक जिला नज़र – (नजरिया सच का) प्रिंट & सोशल मीडिया न्यूज़ नेटवर्क दैनिक जिला नज़र सत्यनिष्ठ पत्रकारिता और जनपक्षीय विचारधारा का विश्वसनीय मंच है। हम समाचारों को केवल प्रसारित नहीं करते—बल्कि उन्हें प्रमाणिकता, नैतिकता और गहन विवेक के साथ पाठकों तक पहुँचाते हैं। स्थानीय सरोकारों से लेकर राष्ट्रीय मुद्दों तक, हर सूचना को हम निष्पक्ष दृष्टि, आधुनिक संपादकीय मानकों और जिम्मेदार मीडिया आचरण के साथ प्रस्तुत करते हैं। प्रिंट की गरिमा और डिजिटल की गति—दोनों का संतुलित संगम है "जिला नज़र"। हमारा ध्येय है— सत्य को स्वर देना, समाज को दिशा देना। दैनिक जिला नज़र जहाँ समाचार विश्वसनीयता की भाषा बोलते हैं।

error: Content is protected !!
Exit mobile version