फतेहाबाद/आगरा: उप संभागीय कृषि प्रसार केन्द्र सारंगपुर रोड फतेहाबाद पर शुक्रवार को एक दिवसीय कृषि मेला एवं गोष्ठी का आयोजन उत्साहपूर्वक संपन्न हुआ। कार्यक्रम में क्षेत्र के किसानों, महिलाओं एवं कृषि से जुड़े युवाओं ने बड़ी संख्या में भाग लिया। इस मेले का उद्देश्य किसानों को उन्नत कृषि तकनीक, फसल संरक्षण उपाय, आधुनिक उपकरणों तथा सरकारी योजनाओं की विस्तृत जानकारी उपलब्ध कराना था।
पार्टी की ओर से जिला मंत्री बबीता चौहान और मण्डल अध्यक्ष योगेश चौहान ने उपस्थित होकर किसानों को प्रोत्साहित किया। उन्होंने कहा कि बदलते समय के अनुसार किसानों को नई तकनीकों और योजनाओं की जानकारी होना बेहद आवश्यक है, ताकि कृषि उत्पादन और आय में वृद्धि हो सके।
कृषि विभाग के विशेषज्ञ सुरेंद्र सिंह, अजीत सिंह, डॉ. राधेश्याम, राम कुमार और अजय शर्मा ने विविध कृषि विषयों पर उपयोगी जानकारी प्रदान की। विशेषज्ञों ने जैविक खेती, मिट्टी परीक्षण, फसल विविधीकरण, संतुलित उर्वरक उपयोग और उन्नत बीजों के लाभों पर विस्तार से चर्चा की।
कार्यक्रम में सामाजिक कार्यकर्ता मुन्नालाल त्यागी भी विशेष रूप से शामिल रहे। गोष्ठी के दौरान किसानों की समस्याओं को सुना गया और समाधान हेतु सुझाव दिए गए। कार्यक्रम के अंत में किसानों को विभागीय जानकारियाँ और उपयोगी सामग्री वितरित की गई।
- रिपोर्ट – सुशील गुप्ता

