मथुरा।रमनलाल शोरावाला पब्लिक स्कूल के लिए यह गर्व और खुशी का विषय है कि विद्यालय के दो प्रतिभाशाली पूर्व छात्रों—यश बेनीवाल और नेहा—ने प्रतिष्ठित प्रतियोगी परीक्षाओं में शानदार सफलता हासिल कर न केवल विद्यालय बल्कि पूरे जनपद का नाम रोशन किया है।विद्यालय के मेधावी छात्र यश बेनीवाल ने संघ लोक सेवा आयोग की संयुक्त रक्षा सेवा (सीडीएस) परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए भारतीय सैन्य अकादमी (आईएमए) के 161वें पाठ्यक्रम के लिए चयन प्राप्त किया है। उन्होंने अखिल भारतीय स्तर पर 79वीं रैंक हासिल कर अपनी मेहनत, अनुशासन और दृढ़ संकल्प का परिचय दिया है।वहीं, प्रतिभाशाली छात्रा नेहा ने उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग (पीसीएस) परीक्षा में 11वीं रैंक प्राप्त कर एसडीएम पद पर चयनित होकर बड़ी उपलब्धि हासिल की है। उल्लेखनीय है कि नेहा इससे पहले ओएनजीसी में असिस्टेंट वैज्ञानिक के पद पर कार्यरत थीं और नौकरी के साथ-साथ निरंतर तैयारी जारी रखी।इन दोनों की सफलता यह साबित करती है कि लगन, निरंतर प्रयास और सही मार्गदर्शन से किसी भी लक्ष्य को हासिल किया जा सकता है।विद्यालय के प्रधानाचार्य राजेश कुमार शर्मा ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि यह पूरे विद्यालय के लिए गौरव का क्षण है। उन्होंने कहा कि यश और नेहा ने अपनी मेहनत से यह सिद्ध कर दिया है कि समर्पण के साथ किया गया प्रयास अवश्य सफलता दिलाता है।
विद्यालय की निदेशिका लता गोयल ने भी दोनों छात्रों की उपलब्धियों को प्रेरणादायक बताते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।इस अवसर पर विद्यालय परिवार और समस्त शिक्षक-शिक्षिकाओं ने हर्ष व्यक्त करते हुए दोनों विद्यार्थियों को शुभकामनाएँ दीं।

























