जिला नजर | संवाददाता
_________________
अलीगढ़। होली के मौके पर डीजे बजाने को लेकर थाना देहली गेट क्षेत्र में पुलिस और युवकों के बीच काफी देर तक खींचतान का मामला सामने आया है। बताया जा रहा है कि पुलिस होली पर बज रहे डीजे को बंद कराने पहुंची थी, इसी दौरान युवकों और पुलिस के बीच जद्दोजहद शुरू हो गई।
घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें पुलिस और युवकों के बीच बहस और खींचतान देखी जा सकती है। काफी मशक्कत के बाद पुलिस ने डीजे बंद कराते हुए दो युवकों को हिरासत में ले लिया।
वहीं पुलिस पर आरोप लगाया जा रहा है कि हिरासत में लिए गए युवकों में कुछ नाबालिग भी शामिल हैं, जिन्हें हवालात में बंद कर दिया गया। नाबालिगों के हवालात में बंद होने का वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल बताया जा रहा है।
बताया जा रहा है कि डीजे थाना देहली गेट क्षेत्र में पीछे हनुमान मंदिर के पास चल रहा था। फिलहाल पूरे मामले को लेकर पुलिस जांच में जुटी हुई है।























