दैनिक जिला नजर संवाददाता
फतेहाबाद/आगरा। थाना डौकी क्षेत्र में गुरुवार को एक सड़क हादसा हो गया, जिसमें दो बाइकों की आमने-सामने टक्कर हो गई। इस हादसे में एक बाइक पर सवार दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। टक्कर इतनी तेज थी कि दोनों बाइक बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गईं और मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, विनोद पुत्र गणपति निवासी विसेहरी भांड थाना बमरौली कटारा और वीरू पुत्र मेवाराम इस दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल हो गए।
हादसे के तुरंत बाद स्थानीय लोगों ने इसकी सूचना एंबुलेंस और पुलिस को दी। मौके पर पहुंची एंबुलेंस की मदद से दोनों घायलों को तत्काल फतेहाबाद के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार जारी है।
सूचना मिलते ही थाना डौकी पुलिस भी घटनास्थल पर पहुंच गई और स्थिति का जायजा लिया। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को सड़क से हटाया।
थाना अध्यक्ष डौकी सुनीत शर्मा ने बताया कि दोनों घायलों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती करा दिया गया है। उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है। पुलिस द्वारा मामले की जांच की जा रही है और दुर्घटना के कारणों का पता लगाया जा रहा है।























