जिला नजर संवाददाता
दिलशाद समीर
फतेहपुर सीकरी/आगरा। भारत सरकार की आवास विकास योजना, जिसका उद्देश्य गरीब परिवारों को पक्का मकान उपलब्ध कराना है, फतेहपुर सीकरी नगर पालिका क्षेत्र में कथित तौर पर भ्रष्टाचार और दलाली का शिकार होती नजर आ रही है। आरोप है कि दबंग दलालों और विभागीय मिलीभगत से अपात्र लोगों को योजना का लाभ दिलाया जा रहा है, जबकि असली जरूरतमंद वंचित हैं।
स्थानीय लोगों का कहना है कि पहले से बने पक्के मकानों पर भी आवास योजना का लाभ दिलाने के नाम पर 30 से 40 हजार रुपये तक की वसूली की जा रही है। इतना ही नहीं, कॉलोनी पास कराने और सर्वे के नाम पर भी खुलेआम पैसे लिए जा रहे हैं।
पूर्व सभासद इदरीस अहमद ने इस मामले को गंभीर बताते हुए कुछ दिन पहले आगरा जिलाधिकारी को लिखित शिकायत दी थी, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। सवाल यह भी उठ रहा है कि डूडा विभाग की अनुमति के बिना आखिर किसके आदेश पर सर्वे और फोटो वेरिफिकेशन अभियान चलाया गया।
क्षेत्रवासियों ने निष्पक्ष जांच कर दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की है, ताकि योजना का लाभ सही पात्र गरीबों तक पहुंच सके।























