किरावली/आगरा। थाना किरावली क्षेत्र के ग्राम पंचायत घड़ी जिंदपुरा में एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। मृतका के भाई हरेंद्र सिंह पुत्र रामवीर सिंह निवासी ग्राम जोनई, थाना सैया, जनपद आगरा ने पति और ससुराल पक्ष पर दहेज उत्पीड़न एवं हत्या का आरोप लगाते हुए थाना किरावली में तहरीर दी है।
तहरीर के अनुसार हरेंद्र सिंह की बहन रीना की शादी ग्राम घड़ी जिंदपुरा निवासी आकाश पुत्र महेंद्र सिंह के साथ हुई थी। आरोप लगाया गया है कि शादी के बाद से ही रीना को अतिरिक्त दहेज की मांग को लेकर दबाव डाला जा रहा था। मांग पूरी न होने पर उसे मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया जाता था।
परिजनों के अनुसार रीना कई बार मायके आकर ससुराल पक्ष द्वारा किए जा रहे उत्पीड़न की शिकायत कर चुकी थी। परिजन समझाइश के बाद उसे फिर ससुराल भेज देते थे। तहरीर में बताया गया है कि 17 नवंबर 2025 को रीना की अचानक मौत की सूचना मिली। जब मायके पक्ष पहुंचे तो रीना को मृत अवस्था में पाया, जबकि ससुराल पक्ष स्पष्ट जानकारी देने में असमर्थ रहा। सूचना पर पुलिस ने मृतक का पोस्टमार्टम कराया है।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि परिजनों द्वारा दी गई तहरीर के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी गई है, पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
मृतका के भाई हरेंद्र सिंह ने आरोप लगाया है कि उनकी बहन की मौत दहेज की मांग पूरी न होने के कारण हुई है। उन्होंने पुलिस प्रशासन से आरोपियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने पीड़ित पक्ष को निष्पक्ष जांच का आश्वासन दिया है।
- रिपोर्ट – दिलशाद समीर























