जिला नजर संवाददाता
अलीगढ़। इगलास क्षेत्र में उस समय अफरा-तफरी मच गई जब इथेनॉल से भरा एक टैंकर अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गया। हादसे में टैंकर चालक घायल हो गया, जिसे तत्काल उपचार के लिए भेजा गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, टैंकर मेरठ से मथुरा की ओर जा रहा था। रास्ते में चालक को नींद आने के कारण वाहन अनियंत्रित हो गया और पलट गया। हादसे में चालक कुलदीप (पुत्र बाबूलाल), निवासी मेरठ घायल हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही गोरई थाना पुलिस एवं दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंच गई। सीओ इगलास सहित अन्य पुलिस अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को संभाला और राहत कार्य शुरू कराया।
दमकल विभाग की टीम ने तत्परता दिखाते हुए इथेनॉल के रिसाव को नियंत्रित किया, जिससे बड़ा हादसा टल गया। प्रशासन की मुस्तैदी के चलते स्थिति पर जल्द काबू पा लिया गया।
प्रशासन द्वारा पूरे क्षेत्र में सतर्कता बरती जा रही है तथा यातायात को भी व्यवस्थित किया गया।























