आगरा: ताजनगरी में 18 से 27 फरवरी 2026 तक होने वाले ताज महोत्सव-2026 की तैयारियां जोरों पर हैं। जिलाधिकारी अरविन्द मल्लप्पा बंगारी ने बुधवार को फतेहाबाद रोड स्थित टाटा ग्राउंड (जेपी पैलेस होटल के निकट) का भौतिक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने स्टॉल, मंच, पार्किंग, यातायात, सुरक्षा और जन सुविधाओं की व्यवस्थाओं की विस्तृत जानकारी ली और अधिकारियों को जरूरी दिशा-निर्देश दिए।
DM ने कहा, “इस बार ताज महोत्सव भव्य और बेमिसाल होगा।” महोत्सव में सूफी नाइट, बॉलीवुड नाइट, लाफ्टर नाइट (कॉमेडी), डिवोशनल नाइट, फोक म्यूजिक, पंजाबी नाइट, कवि सम्मेलन/मुशायरा जैसे थीम आधारित सांस्कृतिक कार्यक्रम होंगे। लोकप्रिय बॉलीवुड सिंगर्स, नामचीन कलाकारों के साथ कृष्णा अभिषेक की कॉमेडी, मधुबंती बागची और सचिन-जिगर जैसे नाम धूम मचाएंगे। DM ने आमजन से अपील की कि अधिक संख्या में पहुंचकर महोत्सव का आनंद लें।
नया स्थल और बड़ा स्केल:
पहली बार शिल्पग्राम से दूर टाटा ग्राउंड (जेपी पैलेस के सामने) पर 4 एकड़ क्षेत्र में महोत्सव आयोजित होगा। कारण: शिल्पग्राम में यूनिटी मॉल और अन्य निर्माण कार्य। नए ले-आउट में अलग-अलग एंट्री-एग्जिट (फतेहाबाद रोड और ताजनगरी रोड से), मुख्य मंच, ग्रीन रूम, मीडिया गैलरी, दर्शक दीर्घा, फूड जोन, फन जोन, झूले, फ्लावर शो, ODOP प्रदर्शनी, पर्याप्त शौचालय और कार्पेट बिछावन की व्यवस्था होगी।
पिछले साल 300 स्टॉल थे, इस बार 500 स्टॉल लगेंगे। DM ने निर्देश दिए कि आगरा मंडल के बेहतरीन ODOP उत्पाद, यूपी हैंडीक्राफ्ट, कार्पेट, पॉटरी के श्रेष्ठ स्टॉल लगें। स्टॉल आवंटन पहले आओ-पहले पाओ आधार पर होगा। लाइटिंग, साज-सज्जा, प्रचार-प्रसार और कलाकार चयन की निविदाएं समय पर जारी कर गुणवत्ता सुनिश्चित की जाए।
यातायात, सुरक्षा और अन्य विभाग:
DM ने फतेहाबाद रोड के लिए अलग ट्रैफिक प्लान, गणमान्य अतिथियों को समय से आमंत्रण, और समाज कल्याण, खादी ग्रामोद्योग, स्वास्थ्य, विद्युत, बाल विकास आदि विभागों के स्टॉल लगाने के निर्देश दिए। सुरक्षा, यातायात और पार्किंग की समयबद्ध तैयारियां पूरी करने पर जोर दिया।





