जिला नज़र संवाददाता
अलीगढ़। NCERT पाठ्यक्रम लागू करने एवं प्राइवेट स्कूलों द्वारा कथित अवैध वसूली के विरोध में बुधवार को राष्ट्रवादी छात्र संगठन ने जिलाधिकारी कार्यालय पर अनिश्चितकालीन धरना शुरू कर दिया। प्रदर्शनकारियों ने शिक्षा व्यवस्था में सुधार और मनमानी पर रोक लगाने की मांग उठाई।
संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष पुष्कर शर्मा ने कहा कि यह लड़ाई गरीब, मजदूर, किसान और मध्यमवर्गीय परिवारों के हक की है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि स्कूल संचालकों पर सख्त कार्रवाई नहीं हुई तो संगठन के पदाधिकारी दिन-रात धरने पर डटे रहेंगे।
महासचिव मनीष प्रताप सिंह ने पूरे जनपद में NCERT कोर्स अनिवार्य रूप से लागू करने की मांग करते हुए कहा कि निजी संस्थान गरीब बच्चों की शिक्षा में बाधा बन रहे हैं, जिसे अब बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
पदाधिकारी वरुण यादव ने भी प्राइवेट स्कूलों की मनमानी के खिलाफ सख्त रुख अपनाने की बात कही। वहीं दिव्यांशु यादव ने “शिक्षा माफियाओं” के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की।
धरने में निर्मल राष्ट्रवादी, लालू पंडित, विकास पंडित, आकाश उपाध्याय, आशू यादव, जतिन मिश्रा, कपिल ठाकुर, शिबा ठाकुर, आकाश ठाकुर, दीपक कश्यप, भारत कुमार, जतिन ठाकुर, रोहित पंडित, शिवा ठाकुर, गौरव नायक, लाल यादव, विराज सहित दर्जनों कार्यकर्ता मौजूद रहे।
प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि उनकी मांगें पूरी होने तक धरना जारी रहेगा।























