जिला नजर संवाददाता
लोधा/अलीगढ़। जनपद की लोधा पुलिस ने अपराध के खिलाफ सख्त रुख अपनाते हुए बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस टीम ने हत्या के प्रयास के मामले में वांछित अभियुक्त को अवैध तमंचा और कारतूस के साथ गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार, 10 अप्रैल 2026 को आरोपी द्वारा शिकायतकर्ता के पति के साथ गाली-गलौज कर जान से मारने की नीयत से फायरिंग की गई थी। इस संबंध में थाना लोधा में मुकदमा संख्या 114/26 धारा 109(1)/352/351(2) बीएनएस के तहत केस दर्ज किया गया था, जिसमें बाद में 3/25/27 आर्म्स एक्ट की धाराएं भी जोड़ी गईं।
लोधा पुलिस टीम ने सक्रियता दिखाते हुए वांछित अभियुक्त छोटे उर्फ शशिकांत पुत्र गोपाल, निवासी ककोला, थाना लोधा, जनपद अलीगढ़ को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त एक अवैध तमंचा एवं एक जिंदा कारतूस (315 बोर) बरामद किया गया।
गिरफ्तारी थाना क्षेत्र लोधा से की गई। पुलिस ने अभियुक्त के खिलाफ विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
इस सफल कार्रवाई में कार्यवाहक थाना प्रभारी विनोद कुमार के नेतृत्व में उपनिरीक्षक हरिओम सिंह, उपनिरीक्षक रोहित कुमार तोमर, कांस्टेबल रविन्द्र कुमार एवं मोहित लोहिया की अहम भूमिका रही।























