फतेहाबाद/आगरा: बमरौली कटारा के गांव झारपुरा में शुक्रवार देर रात मुकदमे की पुरानी रंजिश ने हिंसक रूप ले लिया। दोनों पक्षों के बीच जमकर पथराव हुआ, जिसमें दस लोग घायल हो गए। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए सात लोगों को गिरफ्तार कर लिया, जबकि शनिवार को भी पुलिस ने गिरफ्तारी के लिए कई ठिकानों पर दबिशें दीं।
जानकारी के अनुसार, झारपुरा निवासी रवि पुत्र राधेश्याम और उसके घर के सामने रहने वाले अंबर पुत्र बबलू के बीच पुरानी रंजिश चली आ रही थी। शुक्रवार रात लगभग 10 बजे दोनों पक्षों में कहासुनी बढ़ी और देखते ही देखते पथराव शुरू हो गया।
सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष हरीश शर्मा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और स्थिति पर काबू पाया। झगड़े में धर्मेंद्र, नेकराम, द्रोपदी, गोपाल सिंह घायल हुए, जबकि दूसरे पक्ष से लाडली, अंबर, नरेन्द्र, बनवारी, पीतम और बबलू को चोटें आईं। सभी घायलों को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया।
पुलिस ने दोनों पक्षों से रवि, मायाराम, नेकराम, कन्हैया, नरेंद्र, पीतम और बनवारी को गिरफ्तार किया है। गांव में स्थिति तनावपूर्ण लेकिन नियंत्रण में बताई जा रही है।
- रिपोर्ट – सुशील गुप्ता