वृंदावन (मथुरा)।उत्तर प्रदेश के मथुरा जिले के वृंदावन में शुक्रवार दोपहर एक बड़ा हादसा हो गया, जब यमुना नदी में पर्यटकों से भरा एक स्टीमर पलट गया। इस दुर्घटना में अब तक 10 पर्यटकों की डूबने से मौत की पुष्टि हुई है, जबकि कई अन्य लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया है।प्रशासन के अनुसार, स्टीमर में सवार सभी पर्यटक पंजाब से घूमने आए थे।
हादसे के तुरंत बाद राहत एवं बचाव कार्य शुरू कर दिया गया। मौके पर एसडीआरएफ और एनडीआरएफ की टीमें तैनात हैं,साथ ही करीब 50 स्थानीय गोताखोर भी रेस्क्यू अभियान में जुटे हुए हैं।प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, तेज हवा के चलते स्टीमर नदी के बीच असंतुलित हो गया। हवा की रफ्तार अधिक होने के कारण स्टीमर पीपा पुल से टकरा गया और पलट गया।
एक पर्यटक ने बताया कि अचानक स्टीमर की गति बढ़ गई और वह नियंत्रण खो बैठा।स्थानीय गोताखोरों के अनुसार,अब तक करीब 15 से अधिक लोगों को नदी से सुरक्षित बाहर निकाला जा चुका है,जबकि अन्य लापता लोगों की तलाश जारी है। प्रशासन लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए है।मौसम विभाग के अनुसार, घटना के समय वृंदावन में करीब 30 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल रही थीं,जिससे हादसे की आशंका बढ़ गई।
घटनास्थल पर भारी भीड़ जमा होने से बचाव कार्य में कुछ बाधाएं आ रही हैं। प्रशासन ने लोगों से शांति बनाए रखने और बचाव दल का सहयोग करने की अपील की है।जिलाधिकारी ने इस घटना को बेहद दुखद बताते हुए कहा कि सभी आवश्यक संसाधनों के साथ राहत कार्य तेजी से चलाया जा रहा है और लापता लोगों को खोजने के प्रयास जारी हैं।

























