मथुरा। श्री बांके बिहारी जी मंदिर के आसपास जनसुविधाओं के विकास एवं निर्माण परियोजना को लगातार गति मिल रही है। इसी क्रम में आज दो और रजिस्ट्री की प्रक्रिया संपन्न हुई। अब तक कुल 6 रजिस्ट्री पूरी की जा चुकी हैं, जबकि 20 से अधिक रजिस्ट्री की तैयारी कर ली गई है, जिन्हें सोमवार से निरंतर कराया जाएगा।अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) डॉ. पंकज कुमार वर्मा की उपस्थिति में संपन्न हुई इन रजिस्ट्रियों के तहत आज लगभग 200 वर्ग मीटर भूमि का क्रय किया गया, जिसमें से करीब 150 वर्ग मीटर की रजिस्ट्री श्री रवींद्र कुमार शर्मा द्वारा कराई गई। अब तक लगभग 800 वर्ग मीटर भूमि की रजिस्ट्री हो चुकी है। आगामी एक माह में आधे से अधिक प्रस्तावित रजिस्ट्रियों को पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है।
माननीय सर्वोच्च न्यायालय के आदेशों के क्रम में गठित ठाकुर श्री बांके बिहारी जी मंदिर हाई पावर्ड मैनेजमेंट कमेटी के निर्देशों के तहत यह कार्यवाही की जा रही है। प्रभावित निवासियों को पर्याप्त धनराशि, दुकान के बदले दुकान तथा मथुरा-वृंदावन विकास प्राधिकरण द्वारा सुनरख और रुक्मिणी विहार में फ्लैट उपलब्ध कराए जा रहे हैं। पारदर्शी और विधिक प्रक्रिया के अनुरूप भूमि क्रय से भूस्वामी स्वेच्छा से आगे आ रहे हैं।परियोजना के अंतर्गत मंदिर क्षेत्र में सुरक्षित वातावरण, बैठने की समुचित व्यवस्था, पेयजल सुविधा तथा सुगम प्रवेश-निकासी द्वार विकसित किए जाएंगे, जिससे संकरी गलियों में भीड़ का दबाव कम होगा। प्रशासन का मानना है कि इससे श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधा मिलेगी, धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा और स्थानीय स्तर पर रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे।हाई पावर्ड मैनेजमेंट कमेटी और जिला प्रशासन इस महत्वाकांक्षी परियोजना को समयबद्ध ढंग से पूर्ण कराने के लिए प्रतिबद्ध हैं, ताकि ब्रज की सांस्कृतिक विरासत को संरक्षित रखते हुए आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराई जा सकें।





