पहिया में फंसी साड़ी, बाइक समेत बाड़ के तारों में उलझा दंपत्ति
जैतपुर/आगरा (जि. न.)। फतेहाबाद के ईधौन गांव के दिलकेश, अपनी पत्नी प्रसन्ना के साथ रोशनपुर गांव में साले की शादी समारोह में शामिल होने के बाद बाइक से घर लौट रहे थे। सोमवार को कमतरी मोड के पास से गुजर रहे थे, तभी बाइक के पिछले पहिया में महिला की साड़ी फंस गई।
जिससे बाइक असंतुलित होकर सड़क से नीचे गड्ढों में चली गई और दोनों बाइक सवार खेत की बाड़ के तारों में जाकर उलझ गये। चीख पुकार पर पहुंचे राहगीरो ने तारों में उलझे दंपत्ति को बाहर निकाला और पुलिस और एंबुलेंस की मदद से इलाज के लिए जैतपुर सीएचसी पर भर्ती कराया।
गाली गलौज के विरोध पर युवक पीटा, दी जान से मारने की धमकी, प्राथमिकी दर्ज
जैतपुर/आगरा(जि. न.)। जैतपुर के रमन यादव ने पुलिस को बताया कि रविवार को अपने घर के सामने लाइब्रेरी के पास खड़ा था। तभी लाइब्रेरी से निकल कर आ रहे अखिलेश के बेटे अभिषेक और मोहित गाली गलौज कर रहे थे। विरोध करने पर दोनों ने जमीन पर गिराकर लात घूसाें से मारपीट की। ईंट से प्रहार किया।
जिससे जेब में रखा मोबाइल फोन टूट गया। चीख पुकार मचाए जाने पर आई भीड़ ने जान बचाई। हमलावर जान से मारने की धमकी देकर चले गये।
जैतपुर पुलिस ने घायल का मेडीकल कराया था। तहरीर पर प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच और आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
टक्कर के बाद तेज रफ्तार कार के नीचे बाइक समेत फंसे दो सवार, प्राथमिकी दर्ज।
जैतपुर/आगरा(जि. न.)। बासौनी के बड़ोस गांव के ज्ञान सिंह ने पुलिस को बताया कि सोमवार को बेटा विकास और भतीजा शैलेन्द्र गुमानसिंह पुरा से दावत खाकर बाइक से घर लौट रहे थे।
अभयपुरा बिजली घर मोड के पास तेज रफ्तार कार ने बाइक में टक्कर मार दी। टक्कर के बाद बाइक कार के नीचे फंस कर क्षतिग्रस्त हो गई। जबकि बाइक सवार बेटा और भतीजा घायल हाे गये। कार सड़क किनारे के तिरपाल में घुस गई।
लोगों ने दोनों घायलों को बाहर निकाला और इलाज के लिए अस्पताल भिजवाया। जहां से शैलेन्द्र को एसएन मेडीकल कॉलेज आगरा में भर्ती कराया है। खेडा राठौर पुलिस ने ज्ञान सिंह की तहरीर पर कार चालक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।























