निष्पक्ष चुनाव की नींव मजबूत करने का बड़ा कदम, युवाओं से नाम जुड़वाने की अपील

इगलास (अलीगढ़)। लोकतंत्र की मजबूत बुनियाद के लिए सरकार की ओर से चलाया जा रहा स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन (SIR) अभियान इगलास विकास खंड में पूरे जोर-शोर से चल रहा है। खंड विकास अधिकारी चेतन्य पाठक ने ब्लॉक परिसर में आयोजित एक जागरूकता कार्यक्रम में विभिन्न गांवों से आए ग्रामीणों को इस अभियान की विस्तृत जानकारी दी। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्रामीणों की उपस्थिति ने अभियान के प्रति उनके उत्साह को जाहिर किया।

खंड विकास अधिकारी चेतन्य पाठक ने बताया कि SIR अभियान का मुख्य उद्देश्य मतदाता सूची को पूरी तरह शुद्ध और अपडेटेड बनाना है। उन्होंने कहा, “कई बार वोटर लिस्ट में ऐसे नाम रह जाते हैं जो अब जीवित नहीं हैं, या जो स्थान बदल चुके हैं, या गलत तरीके से जुड़े हुए हैं। ऐसे फर्जी नामों को हटाकर असली और पात्र मतदाताओं को उनका हक दिलाना इस अभियान का लक्ष्य है।” इससे चुनाव प्रक्रिया निष्पक्ष और पारदर्शी बनेगी, और किसी भी गड़बड़ी की गुंजाइश नहीं रहेगी।

पाठक ने जोर देकर कहा कि सही वोटर लिस्ट से लोग बिना किसी डर के अपने मताधिकार का इस्तेमाल कर सकेंगे। अभियान के तहत नए मतदाताओं के नाम भी जोड़े जा रहे हैं। “जिन युवाओं की उम्र 18 वर्ष पूरी हो चुकी है, वे अपना नाम मतदाता सूची में जरूर दर्ज कराएं। साथ ही, अगर किसी के नाम, उम्र या पते में कोई गलती है, तो उसे सुधारने का यह सही मौका है,” उन्होंने अपील की।

ग्रामीणों से अपील करते हुए उन्होंने कहा कि सभी अपने वोटर आईडी कार्ड और दस्तावेजों की जांच करें और किसी भी त्रुटि पर बूथ लेवल अधिकारी या ब्लॉक कार्यालय को सूचित करें। इससे मतदान के समय कोई परेशानी नहीं आएगी। कार्यक्रम में ग्रामीणों ने अपनी समस्याएं रखीं, जिनका मौके पर समाधान किया गया।

ग्रामीणों का कहना था कि ऐसे जागरूकता कार्यक्रम गांवों में बहुत जरूरी हैं, जो लोगों को उनके अधिकारों के बारे में सही जानकारी देते हैं।

अंत में, चेतन्य पाठक ने कहा, “SIR अभियान जनसहयोग से ही सफल होगा। प्रशासन पूरी ईमानदारी से काम कर रहा है, ताकि हर असली मतदाता का नाम सूची में सही तरीके से दर्ज हो।” यह अभियान लोकतंत्र को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।

रिपोर्ट – संजय भारद्वाज

error: Content is protected !!
Exit mobile version