फतेहाबाद/आगरा: कस्बा फतेहाबाद में प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय के तत्वावधान में भव्य शिव संदेश यात्रा निकाली गई। यात्रा का उद्देश्य समाज में शांति, पवित्रता और आध्यात्मिक जागरूकता का संदेश प्रसारित करना रहा।
यात्रा कालीनगर से प्रारंभ होकर बाह बाईपास, जरारी हाउस, रोडवेज बस स्टैंड, अंबेडकर चौक, सदर बाजार, गांधी चौक तथा बाह रोड से होती हुई पुनः कालीनगर पहुंचकर संपन्न हुई। मार्ग में श्रद्धालुओं ने पुष्पवर्षा कर स्वागत किया। ‘ओम शांति’ के उद्घोष और शिव भजनों से पूरा वातावरण भक्तिमय बना रहा।
आगरा जोनल इंचार्ज राजयोगिनी शीला दीदी ने कहा कि परमपिता शिव का स्मरण जीवन में आंतरिक शांति और आत्मबल प्रदान करता है। राजयोग के अभ्यास से मनुष्य अपने विचारों को सकारात्मक दिशा देकर तनावमुक्त जीवन जी सकता है।
ब्रह्माकुमारी रंजना बहन ने अपने संबोधन में आत्मचिंतन और आत्मपरिवर्तन पर बल देते हुए कहा कि जब व्यक्ति अपने भीतर की दिव्य शक्तियों को पहचानता है, तभी समाज में सच्चा आध्यात्मिक परिवर्तन संभव होता है।फतेहसिंह शर्मा ने कहा कि वर्तमान समय में आध्यात्मिक मूल्यों को अपनाना अत्यंत आवश्यक है। संयम, सदाचार और भाईचारे की भावना से ही समाज में स्थायी शांति स्थापित की जा सकती है।
यात्रा में ब्रह्माकुमार विभोर भाई, ब्रह्माकुमारी सीमा बहन, राधा बहन, डॉक्टर सीताराम सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे। समापन पर विश्व शांति और मानव कल्याण के लिए सामूहिक प्रार्थना की गई। आयोजन ने पूरे कस्बे में सकारात्मक ऊर्जा और आध्यात्मिक चेतना का संचार किया।
- रिपोर्ट – सुशील गुप्ता

