फतेहाबाद/आगरा: राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय फतेहाबाद, आगरा की राष्ट्रीय सेवा योजना इकाई के सप्तदिवसीय विशेष शिविर के चौथे दिन 24 फरवरी 2026 को अभिगृहीत ग्राम प्रतापपुरा में सड़क सुरक्षा जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान स्वयंसेवकों ने ग्रामीणों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक किया।

कार्यक्रम की शुरुआत स्वयंसेवकों द्वारा स्वच्छता अभियान और श्रमदान से हुई। इसके बाद रोड सेफ्टी क्लब और राष्ट्रीय सेवा योजना के संयुक्त तत्वावधान में सड़क सुरक्षा पर एक रैली निकाली गई। रैली के माध्यम से ग्रामीणों को सड़क सुरक्षा के महत्व से अवगत कराया गया।
स्वयंसेवकों ने “दुर्घटना के तीन आधार, नशा, नींद और तेज रफ्तार”, “दुर्घटना से रखना दूरी है, तो हेलमेट बहुत जरूरी है”, “समय बहुमूल्य है, जीवन अमूल्य है” और “सड़क सुरक्षा की यही पुकार, बिन हेलमेट सब बेकार” जैसे नारे लगाए। उन्होंने सड़क पर चलने वाले लोगों को रोककर हेलमेट पहनने, दोपहिया वाहन पर दो से अधिक सवारी न करने, तेज गति से वाहन न चलाने और यातायात नियमों का पालन करने की सीख दी।

रैली के बाद एक सभा का आयोजन किया गया। सभा की शुरुआत छात्राओं ने सरस्वती वंदना और स्वागत गीत प्रस्तुत कर की। स्वयंसेवकों में विवेक, नीतू, आशीष, अमित, किरन, भूमिका, डाली, समीर, डोरी लाल, शिवा, मजनीश और जयवीर सहित कई अन्य ने अपने विचार व्यक्त किए।

राष्ट्रीय सेवा योजना के कार्यक्रम अधिकारी डॉ. राजधारी यादव ने कार्यक्रम का संचालन किया। उन्होंने कहा कि यातायात के नियम हमारी सुरक्षा के लिए बनाए गए हैं और इनकी अनदेखी नहीं करनी चाहिए। सड़क पर सजगता बरतकर दुर्घटनाओं से बचा जा सकता है।

रोड सेफ्टी क्लब के प्रभारी नवीन कुमार ने बताया कि यह सड़क सुरक्षा जागरूकता अभियान शासन के निर्देश पर चलाया जा रहा है। उन्होंने युवाओं, विशेषकर छात्र-छात्राओं की भूमिका को महत्वपूर्ण बताया और कहा कि युवा देश का भविष्य हैं, और उनकी सुरक्षा ही बेहतर राष्ट्र निर्माण का आधार है।

महाविद्यालय की प्राचार्य (प्रशा.) प्रो. अरुणा त्रिपाठी ने स्वयंसेवकों का उत्साहवर्धन किया। इस अवसर पर डॉ. तेजेंद्र सिंह यादव, डॉ. आलोक कटारा, डॉ. वंदना शर्मा, डॉ. धनबंती चंचल, डॉ. नेत्रपाल सिंह, डॉ. प्रियंका, डॉ. बेदप्रकाश सिंह, श्री आशाराम शर्मा और श्री ललित मोहन शर्मा सहित महाविद्यालय के सभी प्राध्यापक, कर्मचारी और स्वयंसेवी उपस्थित रहे।

  • रिपोर्ट – सुशील गुप्ता

दैनिक जिला नज़र – (नजरिया सच का) प्रिंट & सोशल मीडिया न्यूज़ नेटवर्क दैनिक जिला नज़र सत्यनिष्ठ पत्रकारिता और जनपक्षीय विचारधारा का विश्वसनीय मंच है। हम समाचारों को केवल प्रसारित नहीं करते—बल्कि उन्हें प्रमाणिकता, नैतिकता और गहन विवेक के साथ पाठकों तक पहुँचाते हैं। स्थानीय सरोकारों से लेकर राष्ट्रीय मुद्दों तक, हर सूचना को हम निष्पक्ष दृष्टि, आधुनिक संपादकीय मानकों और जिम्मेदार मीडिया आचरण के साथ प्रस्तुत करते हैं। प्रिंट की गरिमा और डिजिटल की गति—दोनों का संतुलित संगम है "जिला नज़र"। हमारा ध्येय है— सत्य को स्वर देना, समाज को दिशा देना। दैनिक जिला नज़र जहाँ समाचार विश्वसनीयता की भाषा बोलते हैं।

error: Content is protected !!
Exit mobile version