मैनपुरी: उत्तर प्रदेश के मैनपुरी जिले में एक पूर्व शिक्षिका पर जानलेवा हमले का मामला सामने आया है। आरोप है कि कक्षा 12 के एक छात्र ने रास्ते में रोककर उन पर धारदार हथियार से हमला कर दिया, जिससे उनके चेहरे पर गंभीर चोट आई। घायल शिक्षिका को इलाज के लिए आगरा के अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है।
शिकायत के बाद बढ़ा विवाद
परिजनों के अनुसार, आरोपी छात्र उसी निजी स्कूल में पढ़ता था जहां पीड़िता पहले शिक्षण कार्य कर चुकी थीं। उस पर अनुचित व्यवहार करने के आरोप हैं। बताया गया है कि इस संबंध में छात्र के परिवार से शिकायत भी की गई थी। बाद में शिक्षिका ने स्कूल बदल लिया था।
रास्ते में रोककर हमला करने का आरोप
शिकायत के मुताबिक, स्कूल बदलने के बाद भी आरोपी द्वारा पीछा किए जाने की बात सामने आई है। घटना वाले दिन कथित रूप से छात्र ने रास्ते में रोककर दबाव बनाया और विरोध करने पर धारदार हथियार से हमला कर दिया। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया।
मुकदमा दर्ज, गिरफ्तारी के प्रयास
पीड़िता के भाई की तहरीर पर कोतवाली पुलिस ने आरोपी छात्र के खिलाफ गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। क्षेत्राधिकारी (सीओ सिटी) संतोष कुमार सिंह ने बताया कि आरोपी की तलाश में पुलिस टीमें दबिश दे रही हैं और जल्द गिरफ्तारी का प्रयास जारी है।





