फतेहाबाद/आगरा: डौकी क्षेत्र में विगत मंगलवार शाम यमुना नदी में बाजिदपुर पुल से छलांग लगाने वाले युवक की तलाश दूसरे दिन भी जारी रही। सूचना पर पहुंची पुलिस ने रात होने पर रेस्क्यू ऑपरेशन बंद कर दिया गया। बुधवार सुबह उत्तेजित स्वजनों ने जाम लगा दिया गया।जो लगभग डेढ़ घंटे तक लगा रहा। पूर्व विधायक जितेंद्र वर्मा के द्वारा पुलिस कमिश्नर से वार्ता कर 11 बजे तक स्टीमर आने के आश्वासन के बाद जाम खोल दिया गया। वहीं स्वजनों ने युवक की हत्या कर यमुना नदी में फेंकने का आरोप लगाया है।
बुधवार की सुबह परिजनों और ग्रामीणों का आक्रोश फूट पड़ा। सुबह साढ़े आठ बजे स्टीमर की व्यवस्था न होने पर ग्रामीणों ने बाजिदपुर-टूंडला मार्ग पर जाम लगा दिया। जाम की सूचना पर डौकी, फतेहाबाद और बमरौली कटारा पुलिस मौके पर पहुंच गई। हालात को संभालने के लिए पूर्व विधायक जितेंद्र वर्मा भी मौके पर पहुंचे और पुलिस कमिश्नर से वार्ता की। वार्ता के बाद 11 बजे तक स्टीमर उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया गया, जिस पर ग्रामीणों ने सुबह दस बजे जाम खोल दिया।

इस बीच युवक के परिजनों ने सनसनीखेज आरोप लगाया है। डूबे युवक के भाई हरी मोहन ने बताया कि आकाश के एक महिला से अवैध संबंध थे। इसी को लेकर सोमवार को महिला के परिजनों ने उसके साथ मारपीट की थी। मंगलवार को आकाश जब महिला की ससुराल बजहेरा, थाना नगलासिंघी, फिरोजाबाद गया तो वहीं महिला के परिजनों ने उसकी हत्या कर शव को यमुना नदी में फेंक दिया।
बुधवार को सुबह 11 बजे प्राइवेट स्टीमर यमुना नदी में युवक की तलाश में लगाया गया। वहीं पीएसी के गोताखोर बोट के साथ पहुंचे और सघन तलाशी अभियान शुरू किया गया। देर शाम तक आकाश का सुराग नहीं लग सका था। इस घटना को लेकर ग्रामीणों में आक्रोश बना हुआ है और लोग प्रशासन से जल्द से जल्द युवक का पता लगाने की मांग कर रहे हैं।
बताते चलें कि डौकी क्षेत्र के अंतर्गत बाजिदपुर पुल पर मंगलवार की शाम उस समय सनसनी फैल गई, जब पारौली सिकरवार निवासी 20 वर्षीय आकाश पुत्र देशराज ने यमुना नदी में छलांग लगा दी। घटना की जानकारी मिलते ही थानाध्यक्ष डौकी योगेश कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और गोताखोरों की मदद से युवक की तलाश शुरू कराई, लेकिन देर रात तक सफलता नहीं मिल सकी।
- रिपोर्ट – सुशील गुप्ता