फतेहाबाद/आगरा: शुद्ध मतदाता सूची तैयार कराने के उद्देश्य से एसडीएम स्वाति शर्मा ने बुधवार को राजनीतिक दलों के पदाधिकारियों के साथ बैठक कर एएसडीडी (अनुपस्थित, स्थानांतरित, मृतक व डबल) वोटरों की जांच एवं सत्यापन में पूर्ण सहयोग करने के निर्देश दिए।
एसडीएम ने कहा कि सभी दल अपने-अपने बूथों पर बीएलओ के साथ बैठकर दो दिन के भीतर अनुपस्थित, स्थानांतरित, मृतक और दोहरे नाम वाले मतदाताओं की सूची का मिलान कर लें। यदि किसी बूथ पर किसी मतदाता का नाम गलत पाया जाए तो तत्काल सुधार के लिए अवगत कराएं। जिन बूथों पर गणना प्रपत्र कम जमा हुए हैं, वहां राजनीतिक दल अपने बीएलए तैनात कर जल्द से जल्द प्रपत्र जमा कराने में सहायता करें।
इसके साथ ही तहसीलदार बबलेश कुमार और नायब तहसीलदार प्रमोद भी उपस्थित रहे। एसडीएम ने कहा कि पारदर्शी और त्रुटिरहित मतदाता सूची तैयार करना सभी दलों की संयुक्त जिम्मेदारी है, इसलिए पूर्ण समन्वय के साथ कार्य करें।बैठक में भाजपा के सोनू रघुवंशी, जितेंद्र रघुवंशी, सपा प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य राजेश शर्मा, विधानसभा अध्यक्ष आशीष शर्मा, नीरज चक, प्रहलाद सिंह गुर्जर, विवेक शर्मा, असलम खान तथा बसपा से प्रभूदयाल राजोरिया मौजूद रहे।
- रिपोर्ट सुशील गुप्ता





