मथुरा ।लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल जी की 150वीं जयंती के अवसर पर “सरदार@150 यूनिटी मार्च – एक भारत, आत्मनिर्भर भारत” के तहत राष्ट्रीय एकता दिवस पर विशाल पदयात्रा का आयोजन भव्य स्तर पर किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ माननीय मंत्री, गन्ना विकास एवं चीनी उद्योग, श्री लक्ष्मी नारायण चौधरी जी ने किया।

कार्यक्रम की शुरुआत सेठ बी.एन. पोद्दार इंटर कॉलेज ग्राउंड से हुई, जहां मंत्री जी ने उपस्थित जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, एनसीसी, एनएसएस, स्काउट, प्रांतीय रक्षक दल, मंगल दल और छात्र-छात्राओं को राष्ट्रीय एकता की शपथ दिलाई। इसके उपरांत मंत्री जी ने हरी झंडी दिखाकर पदयात्रा को रवाना किया। यह यात्रा टैंक चौराहा, मच्छी फाटक पुल, धौलीप्याऊ तिराहा होते हुए ब्रज-रज उत्सव 2025 मेला ग्राउंड में संपन्न हुई।

इस दौरान बड़ी संख्या में नागरिकों, विद्यार्थियों और स्वयंसेवकों ने हाथों में तिरंगा थामे “एक भारत श्रेष्ठ भारत” के नारों के साथ पदयात्रा में भाग लिया। यात्रा का उद्देश्य जन-जन में एकता, समरसता और राष्ट्र निर्माण की भावना का प्रसार करना रहा।

ब्रज-रज उत्सव ग्राउंड में आयोजित मुख्य कार्यक्रम में मंत्री श्री लक्ष्मी नारायण चौधरी जी ने सरदार वल्लभभाई पटेल जी के चित्र पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने कहा कि —

> “स्वतंत्र भारत के शिल्पकार सरदार पटेल जी ने सैकड़ों रियासतों को एक सूत्र में बांधकर भारत को अखंड राष्ट्र बनाया। जब उद्देश्य, विचार और कर्म एक हो जाएं, तो असंभव भी संभव हो जाता है।”



उन्होंने आगे कहा कि राष्ट्रीय एकता दिवस हमें संविधान के आदर्शों और नागरिक चेतना को सशक्त बनाए रखने की प्रेरणा देता है।

कार्यक्रम में विभिन्न क्षेत्रों के राष्ट्रीय पदक विजेता खिलाड़ियों को सम्मानित किया गया, जिनमें —
सूरज चौधरी (वॉलीबॉल), अमित कुमार (400 मीटर दौड़), सोनिया उपाध्याय (3000 मीटर दौड़), आदर्श प्रताप सिंह (रोलर स्केटिंग), जीतू गोला व प्रियंका पांडेय (फेंसिंग), अभिलाषा मालिक व कृष्णा (कुश्ती), तथा प्रिया धनगर, प्रीति वर्मा, रोशनी और तनुज (फुटबॉल) शामिल रहे।

साथ ही, विभिन्न विद्यालयों में आयोजित पोस्टर, भाषण, निबंध, वाद-विवाद, फोटो रील और नुक्कड़ नाटक प्रतियोगिताओं के विजेताओं को भी सम्मानित किया गया।

जिलाधिकारी चंद्र प्रकाश सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि —

> “देश को सबसे सुंदर स्वरूप देने का श्रेय लौह पुरुष सरदार पटेल जी को जाता है। हमें उनसे प्रेरणा लेकर एकता, स्वच्छता और जिम्मेदारी के साथ राष्ट्र निर्माण में योगदान देना चाहिए।”



कार्यक्रम में माननीय सांसद श्री तेजवीर सिंह, विधायक श्री श्रीकांत शर्मा, श्री पूरन प्रकाश, श्री मेघश्याम सिंह, श्री राजेश चौधरी, एमएलसी श्री ओम प्रकाश सिंह, महानगर अध्यक्ष श्री हरिशंकर राजू यादव, जिलाधिकारी चंद्र प्रकाश सिंह, मुख्य विकास अधिकारी मनीष मीना, तथा अन्य गणमान्य उपस्थित रहे।

इस भव्य आयोजन ने यह संदेश दिया कि —
👉 “एकता में ही विकास की शक्ति है, और आत्मनिर्भर भारत की नींव भी यही है।”


राहुल गौड एक अनुभवी पत्रकार हैं, जिन्हें प्रिंट और डिजिटल मीडिया में कार्य करने का 10 वर्षों से अधिक का अनुभव है। उत्तर प्रदेश के जनपद मथुरा में सक्रिय रहते हुए उन्होंने विभिन्न समाचार माध्यमों के लिए निष्पक्ष और प्रभावशाली रिपोर्टिंग की है। उनके कार्य में स्थानीय मुद्दों की गंभीर समझ और जनसरोकार से जुड़ी पत्रकारिता की झलक मिलती है।

error: Content is protected !!
Exit mobile version