फतेहाबाद/आगरा: कठोर सर्दी के बीच यमुना नदी में जनकल्याण की कामना लिए संत शिरोमणि सुदामदास जी महाराज द्वारा जल तपस्या आरंभ की गई है। यह तपस्या बनखंडेश्वर महादेव मंदिर तारौली गुर्जर फतेहाबाद के सम्मुख दिवाली से प्रारंभ होकर बसंत पंचमी तक निरंतर चलेगी।
गहरी ठंड और तेज बहाव के बीच खड़े रहकर की जा रही यह साधना क्षेत्र में चर्चा का केंद्र बनी हुई है।दूर-दूर के क्षेत्रों से श्रद्धालु संत सुदामादास जी की इस दुर्लभ तपस्या के दर्शन करने पहुँच रहे हैं। रात 10 बजे से सुबह 4 बजे तक यमुना की जलधारा में खड़े रहकर महाराज जी लोककल्याण की साधना में लीन रहते हैं। उनके दर्शन और आशीर्वाद को प्राप्त करने के लिए रोजाना बड़ी संख्या में भक्त पहुँच रहे हैं।
स्थानीय लोगों के अनुसार, संत सुदामादास जी का यह कठिन तप समाज और देश की समृद्धि तथा शांति के लिए किया जा रहा है। बनखंडेश्वर महादेव मंदिर क्षेत्र इन दिनों विशेष रूप से आध्यात्मिक वातावरण से सराबोर है, जहां भक्तों में उत्साह और आस्था का विशेष संचार देखने को मिल रहा है।तपस्या के चलते यमुना तट पर रोजाना भजन-कीर्तन, श्रद्धालुओं की भीड़ और आध्यात्मिक गतिविधियों से माहौल अत्यंत पावन बना हुआ है।
- रिपोर्ट – सुशील गुप्ता





