फतेहाबाद/आगरा: फतेहाबाद विकासखंड में तैनात एक सफाई कर्मचारी की मंगलवार दोपहर ड्यूटी के दौरान सीने में तेज दर्द उठने से मौत हो गई। 55 वर्षीय धर्मदास पुत्र बदलू, जो मूल रूप से झांसी के निवासी थे, को उनके साथी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र फतेहाबाद ले गए, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
जानकारी के अनुसार, धर्मदास अपने तीन अन्य साथियों के साथ फतेहाबाद विकासखंड के ग्राम हरकापुरा में ड्यूटी पर थे। मंगलवार दोपहर को ड्यूटी स्थल पर ही उन्हें अचानक सीने में तेज दर्द महसूस हुआ, जिससे उनकी हालत बिगड़ गई। उनके साथियों ने तुरंत उन्हें संभाला और 108 एंबुलेंस को सूचना दी।
एंबुलेंस द्वारा धर्मदास को फतेहाबाद के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया, लेकिन अस्पताल पहुंचने से पहले ही उन्होंने दम तोड़ दिया था। घटना की सूचना मिलते ही फतेहाबाद पुलिस और विकासखंड कार्यालय के बड़ी संख्या में कर्मचारी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंच गए। पुलिस ने धर्मदास के परिजनों को सूचित कर दिया है और पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम की कार्रवाई शुरू कर दी है।
- रिपोर्ट – सुशील गुप्ता





