आगरा: आगरा की युवा क्रिकेटर सानवी भाटिया को उत्तर प्रदेश अंडर-19 महिला क्रिकेट टीम का कप्तान नियुक्त किया गया है। उनके चयन की खबर जैसे ही शहर पहुंची, शास्त्रीपुरम की शांति रेजिडेंसी में उनके घर पर खुशी की लहर दौड़ गई। परिवार ने मिठाई बांटी और पड़ोसियों ने बधाई देने का दौर चल पड़ा। सानवी की यह उपलब्धि न केवल परिवार के लिए, बल्कि पूरे आगरा के खेल प्रेमियों के लिए गर्व का विषय बन गई है।
सानवी के पिता गौरव भाटिया ठेकेदार हैं और मेडिसिन का भी व्यवसाय चलाते हैं। उनकी मां रतिका कपूर भाटिया अछनेरा के गोपऊ में सहायक अध्यापिका हैं। पिता गौरव ने कहा, “सानवी बचपन से ही क्रिकेट के प्रति जुनूनी रही है। सुबह 4 बजे उठकर अभ्यास करने की उसकी आदत ने आज रंग ला दिया। हमें अपनी बेटी पर गर्व है।” मां रतिका भावुक होकर बोलीं, “हर मां की यही चाहत होती है कि बेटी का नाम रोशन हो और शहर का मान बढ़े। सानवी ने यह कर दिखाया।”
सानवी की छोटी बहन श्रीनिका भाटिया ने मुस्कुराते हुए कहा, “दीदी ने हमेशा सिखाया कि मेहनत का कोई विकल्प नहीं। अब हम सब चाहते हैं कि वह टीम को जीत की माला पहनाएं।” हाल के वर्षों में सानवी ने कई शानदार प्रदर्शन कर चयनकर्ताओं का ध्यान खींचा है। उनकी कप्तानी में आगरा के खेल प्रेमी उत्साहित हैं।
बीसीसीआई अंडर-19 महिला टी-20 ट्रॉफी: सानवी संभालेंगी UP की कमान
भिलाई में 26 अक्टूबर से शुरू होने वाली बीसीसीआई की अंडर-19 महिला टी-20 ट्रॉफी के लिए गुरुवार को उत्तर प्रदेश की 22 सदस्यीय टीम का ऐलान कर दिया गया। विकेटकीपर बल्लेबाज सानवी भाटिया को कप्तान बनाया गया है। टीम का पहला मैच मध्य प्रदेश के खिलाफ होगा।
आगरा से सानवी भाटिया (कप्तान) के अलावा सुप्रिया अरेला, भारती सिंह और मनीषा चौधरी को जगह मिली है। सहारनपुर से उपकप्तान मनीषा चौधरी, कल्पना और वंशिका शामिल हैं। लखनऊ से सर्वाधिक छह खिलाड़ी—चांदनी शर्मा, प्रियांशी यादव, तान्या सिंह, अरिशा मुस्तफा, शशि बालन और सना खान—टीम का हिस्सा हैं। कानपुर से विदुषी मिश्रा, सिद्धी मिश्रा, निशा वर्मा; मेरठ से रिया भाटी, जान्वी बालियान, पलक सिंह; गाजियाबाद से खुशी त्यागी, श्रान्या टंडन; मुरादाबाद से शुभ चौधरी; तथा हापुड़ से तनिष्का राठौर को चुना गया है।
यूपीसीए ने कोच पद पर चित्रा सिंह राघव और शैफाली साहू को जिम्मेदारी सौंपी है। सपोर्टिंग स्टाफ में शिवप्रिया पांडेय, डॉ. शिवानी लाल और सायमा अली शामिल हैं।
कोचों का मान-सम्मान
सानवी के कोच लोकेंद्र चाहर ने कहा, “सानवी परिस्थितियों का सही आकलन करना जानती हैं। पिछले वर्ष भी वह UP अंडर-19 टीम का हिस्सा थीं। उनकी कप्तानी में टीम अच्छा प्रदर्शन करेगी।” कोच मनोज कुशवाहा ने बताया, “आगरा में महिला क्रिकेट का स्तर तेजी से ऊंचा हो रहा है। सानवी जैसी प्रतिभाएं इसका प्रमाण हैं।” शिखा झीगरन ने भी चयन पर खुशी जताई।






