फतेहपुर सीकरी/आगरा। थाना क्षेत्र के अंतर्गत नगला माल्यान के एक किसान ने अपनी पूर्वजों की कृषि भूमि पर अवैध कब्जे का गंभीर आरोप लगाते हुए उपजिलाधिकारी किरावली से हस्तक्षेप की मांग की है। शिकायत के बाद SDM ने तत्काल राजस्व टीम को मौके पर भेजकर जांच के निर्देश दिए।
नगला माल्यान निवासी किसान कमल सिंह सेनी पुत्र पूरना ने उपजिलाधिकारी को दिए प्रार्थना पत्र में बताया कि उसकी पूर्वजों की कृषि भूमि के आठ बिस्सा हिस्से पर उसी गांव के उम्मेद सिंह पुत्र दौजीराम ने जबरन कब्जा कर खेती करना शुरू कर दिया है। किसान का कहना है कि कई बार आपत्ति जताने के बावजूद आरोपी सुनवाई नहीं कर रहा, उल्टा अभद्रता पर उतारू है।
SDM के निर्देश पर शनिवार को राजस्व निरीक्षक भगवान सिंह, लेखपाल रूपेश राठौर, लेखपाल भूपेंद्र सिंह सहित टीम मौके पर पहुंची। अधिकारियों ने विवादित भूमि की माप-तौल कर स्थिति का जायजा लिया और पीड़ित किसान को जल्द समस्या के समाधान का भरोसा दिलाया।
स्थानीय लोगों के अनुसार, गांव में लंबे समय से जमीन के इस हिस्से को लेकर विवाद चला आ रहा था, जिसके समाधान की उम्मीद अब बढ़ गई है।
🔹दिलशाद समीर, संवाददाता

