फतेहाबाद/आगरा। यमुना नदी में डूब रही एक वृद्ध महिला की जान बचाकर मानवता और साहस की मिसाल पेश करने वाले रामबाबू निषाद का गुरुवार को तहसील फतेहाबाद में सम्मान किया गया। उपजिलाधिकारी स्वाति शर्मा तथा नायब तहसीलदार प्रमोद कुमार ने उन्हें शॉल उड़ाकर और गुलदस्ता भेंट कर सम्मानित किया।
अधिकारियों ने कहा कि कड़ाके की ठंड में बिना अपनी सुरक्षा की चिंता किए नदी में कूदकर महिला को बचाना अत्यंत साहसिक कार्य है। रामबाबू ने जो संवेदनशीलता दिखाई, वह समाज के लिए प्रेरणादायक है।
विगत दिनों रामबाबू ने यमुना नदी में डूब रही एक वृद्धा को देखकर तत्काल अपने कपड़े उतारे और ठंडे पानी में छलांग लगा दी थी। काफी मशक्कत के बाद उन्होंने महिला को सुरक्षित बाहर निकालकर उसके परिजनों के सुपुर्द किया। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर भी व्यापक रूप से वायरल हुआ था, जिसके बाद क्षेत्र में उनकी सराहना की जा रही है।
गुरुवार को आयोजित सम्मान समारोह में डॉ. लाल बहादुर, डॉ. शिवराम वर्मा सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे। सभी ने रामबाबू के साहस, तत्परता और मानवता के जज्बे को सराहा तथा उन्हें समाज के युवाओं के लिए प्रेरणा बताया।
संवाददाता – सुशील गुप्ता























