• रात भर नगर में करेगी भ्रमण, बरात में आस्था का सैलाब, 100 से अधिक मनमोहक झांकियां
आगरा। 148 वर्षों से निकाली जा रही ऐतिहासिक रामबारात शुरू हो चुकी है। बारात का जगह-जगह स्वागत हो रहा है। आगरा की राम बरात में आस्था का सैलाब, 100 से अधिक मनमोहक झांकियां, जयघोषों की गूंज सुनाई दे रही है।
राम बरात की शुरुआत बुधवार सायं लाला चन्नोमल की बारहदरी से भव्यता के साथ हुई। चांदी के रथ पर सवार प्रभु श्रीराम, लक्ष्मण, भरत और शत्रुघ्न जब डोले में निकले तो पूरा वातावरण जय श्रीराम के उद्घोष से गूंज उठा। श्रद्धालुओं की भीड़ से मार्ग सराबोर हो गया और हर ओर दिव्य आभा छा गई। राम बरात में प्रभु श्रीराम के रथ के साथ मौजूद केंद्रीय मंत्री प्रो. एसपी सिंह बघेल, रामलीला कमेटी के अध्यक्ष पुरुषोत्तम खंडेलवाल और महामंत्री राजीव अग्रवाल भी दिख रहे हैं।
राम बरात के मार्ग पर झांकियां धार्मिक उल्लास जगाने के साथ ही सामाजिक समरसता और राष्ट्रभक्ति का संदेश भी दे रही हैं। 110 भव्य झांकियों, 12 बैंडों की स्वर लहरियों और भक्तिरस से भरे जनसैलाब ने वातावरण को आध्यात्मिक बना दिया। राम बरात कल सुबह कमलानगर स्थित जनकपुरी में अपने चरम पर पहुंचेगी।
इस वर्ष की बरात में कुल 110 झांकियां शामिल हैं। इनमें 12 ज्योतिर्लिंगों के अलौकिक स्वरूप के दर्शन कराए तो ‘ऑपरेशन सिंदूर’ पर आधारित झांकी ने राष्ट्रभक्ति की भावना को जाग्रत किया। वहीं, अनेक झांकियों ने सामाजिक समरसता और सांस्कृतिक विविधता का संदेश दिया। बरात में शामिल 12 बैंडों ने भक्ति और देशभक्ति की धुनों से वातावरण को उल्लसित कर दिया।
___________