पोरसा/मुरैना। पोरसा थाना क्षेत्र में सोमवार शाम हुए विवाद के बाद बिना प्रशासनिक अनुमति प्रदर्शन करना कुछ लोगों को महंगा पड़ गया। पुलिस ने करणी सेना के जिलाध्यक्ष विष्णु तोमर सहित करीब आधा दर्जन लोगों के खिलाफ शासकीय कार्य में बाधा, बिना अनुमति प्रदर्शन, राष्ट्रीय राजमार्ग जाम करने के प्रयास और बलवा सहित विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया है।
जानकारी के अनुसार, आदतन अपराधी गुरु ग्रुप और बंटू तोमर व उमेश राजावत के बीच विवाद हुआ था। पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए दोनों पक्षों को थाने में बंद कर दिया। बताया जाता है कि एक पक्ष की ओर से सिफारिश की गई थी, लेकिन थाना प्रभारी ने दोनों पक्षों पर समान रूप से कार्रवाई की।
इसी के विरोध में बिना अनुमति प्रदर्शन किया गया और नेशनल हाईवे जाम करने का प्रयास किया गया। थाना प्रभारी टीआई दिनेश कुशवाहा ने बताया कि लोकतंत्र में प्रदर्शन का अधिकार है, लेकिन इसके लिए प्रशासनिक अनुमति आवश्यक होती है। बिना अनुमति सड़क जाम करना गैरकानूनी है और इससे आम नागरिकों को परेशानी होती है।
पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित करते हुए संबंधित लोगों को थाने ले जाकर उनके खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की है। मामले की जांच जारी है।
- रिपोर्ट – जिला ब्यूरो चीफ मुरैना – मुहम्मद इसरार खान





