आगरा। फिल्म ‘घूसखोर पंडित’ को लेकर देश के विभिन्न हिस्सों में चल रहे विरोध का असर अब आगरा में भी देखने को मिला। आवास विकास कालोनी स्थित परशुराम चौक पर ब्राह्मण समाज के लोगों ने फिल्म के नाम और कथानक पर आपत्ति जताते हुए प्रदर्शन किया। इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने नारेबाजी कर अपना विरोध दर्ज कराया।
प्रदर्शन में शामिल लोगों का कहना था कि फिल्म के जरिए पंडित समाज और सनातन धर्म की छवि को कथित रूप से गलत तरीके से प्रस्तुत किया जा रहा है। उनका आरोप है कि धार्मिक पहचान वाले पात्र को भ्रष्टाचार जैसे विषय से जोड़कर पूरे समुदाय को बदनाम करने का प्रयास किया गया है।

प्रदर्शन के दौरान कुछ लोग परंपरागत वेशभूषा और प्रतीकात्मक तरीके से विरोध जताते नजर आए। समाज के प्रतिनिधि मदन मोहन शर्मा ने कहा कि यह प्रदर्शन सरकार और प्रशासन का ध्यान आकर्षित करने के लिए किया गया है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि फिल्म इसी नाम या बदले हुए नाम से रिलीज की गई, तो बड़ा आंदोलन किया जाएगा और कानूनी विकल्प भी अपनाए जाएंगे।
प्रदर्शनकारियों ने कहा कि जरूरत पड़ने पर वे इस मामले को उच्च न्यायालय और सर्वोच्च न्यायालय तक ले जाएंगे। साथ ही उन्होंने प्रशासन से फिल्म की रिलीज पर रोक लगाने की मांग की। प्रदर्शन के दौरान कुछ वक्ताओं ने दावा किया कि राज्य स्तर पर भी मामले का संज्ञान लिया गया है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हो सकी है।
मौके पर नारेबाजी जारी रही और प्रदर्शन शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हुआ। प्रशासन की ओर से स्थिति पर नजर रखी गई।





