मथुरा। संविधान दिवस के अवसर पर कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी चंद्र प्रकाश सिंह की अध्यक्षता में कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर लोक भवन लखनऊ में माननीय मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी की अध्यक्षता में हुए मुख्य कार्यक्रम का सजीव प्रसारण कलेक्ट्रेट के सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों द्वारा देखा गया।
कार्यक्रम की शुरुआत में जिलाधिकारी चंद्र प्रकाश सिंह ने संविधान के मुख्य निर्माता डॉ. भीमराव आम्बेडकर जी के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित करते हुए माल्यार्पण किया। साथ ही उन्होंने राष्ट्रपिता महात्मा गांधी जी एवं लौहपुरुष सरदार वल्लभ भाई पटेल जी के चित्र पर भी माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की।इस अवसर पर जिलाधिकारी ने कलेक्ट्रेट के समस्त अधिकारियों एवं कर्मचारियों को संविधान की प्रस्तावना की शपथ दिलाई। उन्होंने कहा कि संविधान दिवस भारतीय संविधान के महत्व और उसके निर्माण में लगे अथक प्रयासों को याद करने का दिन है। 26 नवंबर 1949 को संविधान को अपनाया गया था, जबकि 26 जनवरी 1950 को यह लागू हुआ, जिसे हम गणतंत्र दिवस के रूप में मनाते हैं।जिलाधिकारी ने बताया कि भारतीय संविधान का निर्माण संविधान सभा द्वारा 9 दिसंबर 1946 से प्रारंभ होकर 2 वर्ष 11 महीने 18 दिनों में पूरा हुआ। इस दौरान कुल 114 दिनों तक बैठकें हुईं। संविधान दिवस नागरिकों को उनके अधिकारों, कर्तव्यों और राष्ट्र के प्रति जिम्मेदारियों के प्रति जागरूक करने का महत्वपूर्ण अवसर है।कार्यक्रम में कलेक्ट्रेट के सभी अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।






