🛕 वृंदावन, मथुरा ।महामहिम राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मु जी एवं उत्तर प्रदेश की महामहिम राज्यपाल श्रीमती आनंदीबेन पटेल जी ने वृंदावन स्थित इस्कॉन मंदिर (श्री श्री कृष्ण बलराम मंदिर) में पहुंचकर विधि-विधान से भगवान के दर्शन एवं पूजन किया।
मंदिर पहुंचने पर दोनों गणमान्य अतिथियों का स्वागत इस्कॉन के प्रमुख पदाधिकारियों—श्री पंचगौड़ा दास, श्री जनार्दन दास, श्री विष्णुनाम दास, श्री शुतकीर्ति दास, श्री रवि लोचन दास एवं श्री देवदत्त स्वामी द्वारा भव्य तरीके से किया गया।
स्वागत के पश्चात राष्ट्रपति एवं राज्यपाल ने श्री अभयचरणारविंद भक्तिवेदांत स्वामी प्रभुपाद जी की समाधि स्थल के दर्शन किए और श्रद्धापूर्वक परिक्रमा की। इसके उपरांत उन्होंने मुख्य मंदिर में श्री श्री कृष्ण-बलराम के दर्शन कर वैदिक रीति-रिवाज से पूजा-अर्चना की। इस दौरान पुजारियों द्वारा किए जा रहे मंत्रोच्चारण से पूरा मंदिर परिसर भक्तिमय वातावरण में डूब गया।
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु जी ने भगवान को पूजन सामग्री अर्पित कर हाथ जोड़कर प्रभु का स्मरण किया। मंदिर में गूंजते वैदिक मंत्रों और भक्ति संगीत ने इस अवसर को अत्यंत दिव्य और अलौकिक बना दिया।
इस दौरान महामहिम राष्ट्रपति एवं राज्यपाल ने मंदिर परिसर में आयोजित बालिकाओं के सांस्कृतिक नृत्य कार्यक्रम का भी अवलोकन किया और भजन-कीर्तन का आनंद लिया।
कार्यक्रम में श्री राधागोलोकानंद स्वामी, श्री मुकुंदा दास, श्री जादूनंदन दास, श्री धर्मात्मा दास, श्री पार्थ कृष्णा दास (गौ-सेवक) एवं श्री गणपति दास सहित कई गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।
























