फतेहाबाद/आगरा: फरह थाना क्षेत्र में रविवार देर रात हुए दर्दनाक सड़क हादसे में फतेहाबाद विकासखंड की ग्राम पंचायत मुसेपुरा के प्रधान की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनके साथ बाइक पर सवार युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल को उपचार के लिए आगरा के एसएन मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है।
जानकारी के अनुसार आगरा के थाना निबोहरा क्षेत्र के गांव मूसेपुरा निवासी ग्राम प्रधान बृजपाल (40) रविवार रात फरीदाबाद से बाइक द्वारा आगरा लौट रहे थे। उनके साथ गांव काकरपुर निवासी जगबीर भी मौजूद था। रात करीब 11 बजे फरह क्षेत्र के फतिहा पुल पर अंधेरा होने के कारण बाइक पुल के किनारे बने फुटपाथ पर चढ़ गई। अचानक संतुलन बिगड़ने से बाइक अनियंत्रित होकर काफी दूरी तक घिसटती चली गई।
हादसे में दोनों सवार गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंचे टोल प्रभारी अभिलाख ने दोनों को तत्काल फरह सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने ग्राम प्रधान बृजपाल को मृत घोषित कर दिया। वहीं घायल जगबीर की हालत गंभीर देखते हुए उसे एसएन मेडिकल कॉलेज आगरा रेफर कर दिया गया। ग्राम प्रधान की मृत्यु होने पर गांव में शोक संवेदना व्यक्त करने वालों तांता लग गया।
- रिपोर्ट – सुशील गुप्ता

