मथुरा।थाना शेरगढ़ क्षेत्र में सोमवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब पोस्ट ऑफिस में तैनात एक कर्मचारी का रास्ते से कथित रूप से अपहरण कर लिया गया। घटना के बाद से पुलिस महकमे में हलचल तेज हो गई है और मामले की सूचना उच्च अधिकारियों तक पहुंचा दी गई है।जानकारी के अनुसार, कोसीकला थाना क्षेत्र के गांव कामर निवासी रामवीर पुत्र रघुनाथ शेरगढ़ के गांव अगरयाला स्थित पोस्ट ऑफिस में शाखा डाकपाल के पद पर तैनात हैं। बताया जा रहा है कि वह प्रतिदिन की तरह सुबह करीब 10 बजे अपने गांव कामर से ड्यूटी के लिए अगरयाला जा रहे थे। इसी दौरान शेरगढ़-अगरयाला मार्ग पर गाड़ी सवार अज्ञात लोगों ने उनकी मोटरसाइकिल रोककर उन्हें जबरन खींच लिया और अपने साथ ले गए।घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों में दहशत फैल गई। परिजनों ने तुरंत थाना शेरगढ़ पुलिस को लिखित सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस हरकत में आई और युवक की तलाश में सघन अभियान शुरू कर दिया गया है। आसपास के क्षेत्रों में नाकाबंदी कर संदिग्ध वाहनों की चेकिंग की जा रही है।दिनदहाड़े हुई इस वारदात से क्षेत्र में भय का माहौल है। परिजन और रिश्तेदार रामवीर की सकुशल वापसी की प्रार्थना कर रहे हैं। पुलिस का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और जल्द ही घटना का खुलासा करने का प्रयास किया जा रहा है।







