फतेहाबाद/आगरा: क्षेत्र के एक गांव से बृहस्पतिवार को स्कूल जाते समय लापता हुई 12 वर्षीय छात्रा की तलाश में पुलिस टीमें गठित की गई हैं। पीएसी के गोताखोर यमुना नदी में किशोरी की खोज कर रहे हैं। किशोरी की साइकिल और स्कूल बैग शुक्रवार को जंगल में पड़े मिले थे। इस खोज के बाद पुलिस ने अपनी तलाश तेज कर दी है।
जानकारी के अनुसार, कक्षा 6 की यह छात्रा बृहस्पतिवार को अपने घर से स्कूल के लिए निकली थी, लेकिन वह स्कूल नहीं पहुंची। परिजनों ने काफी खोजबीन की, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिला। देर रात फतेहाबाद थाने में किशोरी की गुमशुदगी दर्ज की गई।
शनिवार को पीएसी के गोताखोरों ने यमुना नदी में किशोरी की तलाश की। इंस्पेक्टर क्राइम राजवीर सिंह के नेतृत्व में पुलिस बल जंगल और अन्य संभावित स्थानों पर किशोरी को खोजने का प्रयास कर रहा है।
- रिपोर्ट – सुशील गुप्ता





