जिला नजर संवाददाता
अलीगढ़। जनपद में कानून-व्यवस्था व सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने के उद्देश्य से पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क नजर आ रहा है। इसी क्रम में पुलिस अधीक्षक नगर आदित्य बंसल ने पुलिस अधीक्षक यातायात प्रवीन कुमार व एडीएम सिटी के साथ शहर क्षेत्र में पैदल गश्त किया।
यह पैदल गश्त शहर के मिश्रित आबादी वाले इलाकों, संवेदनशील क्षेत्रों, प्रमुख चौराहों, बाजारों एवं भीड़भाड़ वाले स्थानों पर किया गया। इस दौरान पुलिस अधिकारियों ने आमजन से संवाद कर सुरक्षा का भरोसा दिलाया और शांति व्यवस्था बनाए रखने की अपील की।
पुलिस अधीक्षक नगर ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि क्षेत्र में सतर्कता बनाए रखें तथा किसी भी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि पर तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित करें। वहीं, आम नागरिकों से भी अपील की गई कि किसी भी अफवाह पर ध्यान न दें और किसी भी संदिग्ध जानकारी की तुरंत पुलिस को सूचना दें।
पुलिस प्रशासन द्वारा लगातार गश्त और निगरानी से शहर में सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने का प्रयास किया जा रहा है।























