जिला नजर | संवाददाता -सुशील गुप्ता
फतेहाबाद/आगरा। होली पर्व को सकुशल एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। एसीपी अनिल कुमार के नेतृत्व में कस्बा क्षेत्र में पैदल गश्त कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया गया।
गश्त के दौरान इंस्पेक्टर तरुण धीमान, इंस्पेक्टर अपराध राजवीर सिंह, कस्बा इंचार्ज बादशाही बाग सुमित कुमार, संजीव कुमार सहित भारी पुलिस बल मौजूद रहा। पुलिस टीम ने शमसाबाद रोड, अंबेडकर चौक, गांधी चौक, पुरानी सब्जी मंडी, बाह रोड, आगरा रोड और सारंगपुर रोड सहित प्रमुख मार्गों व चौराहों पर पैदल मार्च किया।
इस दौरान अधिकारियों ने व्यापारियों व आम नागरिकों से संवाद कर शांतिपूर्ण ढंग से होली मनाने की अपील की। एसीपी ने स्पष्ट किया कि हुड़दंग, जबरन रंग डालने, डीजे की तेज आवाज और कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस प्रशासन ने बताया कि त्योहार के मद्देनजर संवेदनशील स्थानों पर विशेष निगरानी रखी जा रही है और लगातार गश्त जारी रहेगी, ताकि क्षेत्र में शांति व्यवस्था कायम रहे।























