मुख्य बाजारों में पैदल गश्त कर असामाजिक तत्वों को दिया सख्त संदेश
धौलपुर/राज.। आगामी रामनवमी, महावीर जयंती, हनुमान जयंती एवं अम्बेडकर जयंती के मद्देनजर धौलपुर पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर कमर कस ली है। इसी क्रम में पुलिस अधीक्षक विकास सांगवान के नेतृत्व एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक वैभव शर्मा के सुपरविजन में शहर में व्यापक फ्लैग मार्च निकाला गया।
पुलिस अधीक्षक ने स्वयं पुलिस बल का नेतृत्व करते हुए महात्मा नंद की बगीची से पुराना शहर, फद्दी चौराहा, जगन तिराहा, सराय गजरा रोड, लाल बाजार, पुरानी सब्जी मंडी, तोप तिराहा, बजरिया और गडरपुरा सहित प्रमुख बाजारों में पैदल गश्त की। इस दौरान उन्होंने सुरक्षा व्यवस्था का बारीकी से निरीक्षण किया और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
एसपी विकास सांगवान ने बताया कि फ्लैग मार्च का उद्देश्य शहर में शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखना, सायंकालीन गश्त को प्रभावी बनाना और असामाजिक तत्वों को कड़ा संदेश देना है, ताकि आमजन में सुरक्षा का विश्वास कायम रहे।
मार्च के दौरान वृताधिकारी कृष्ण राज जांगिड, कोतवाली थानाधिकारी वीरेंद्र मीणा, निहालगंज थानाधिकारी हरेंद्र सिंह, सदर थानाधिकारी महेश मीणा, यातायात प्रभारी बलविंदर सिंह सहित सभी थानों का पुलिस जाप्ता और क्यूआरटी टीम मौजूद रही। वहीं बाड़ी कस्बे में भी अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमल कुमार जांगिड़ के नेतृत्व में फ्लैग मार्च कर सुरक्षा का जायजा लिया गया।























