मथुरा। थाना कोतवाली क्षेत्र के स्टेट बैंक चौराहे के पास बुधवार शाम रोडवेज बस और मोटरसाइकिल की टक्कर के बाद जमकर हंगामा हो गया। घटना में मोटरसाइकिल सवार डॉ राजू सैनी कटारा और उनके साथ सवार पुत्र को मामूली चोटें आईं, जबकि बाइक पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। गनीमत रही कि इस हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार 4 फरवरी 2026 को शाम लगभग 6:30 बजे एसआई चौक के निकट मोटरसाइकिल संख्या UP85BB3778 और राजस्थान रोडवेज बस संख्या RJ13PA8429 के बीच टक्कर हो गई। टक्कर के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक कुछ लोगों ने सड़क पर हंगामा करते हुए यातायात बाधित कर दिया। करीब एक घंटे तक मार्ग पर आवागमन प्रभावित रहा।आरोप है कि इस दौरान सरकारी रोडवेज बस पर पथराव किया गया, जिससे बस के शीशे क्षतिग्रस्त हो गए।घटना के बाद बस चालक वाहन छोड़कर मौके से हट गया। सूचना मिलने पर थाना कोतवाली पुलिस व अतिरिक्त बल मौके पर पहुंचा और स्थिति को नियंत्रित किया।
पुलिस ने इस मामले में तीन लोगों को हिरासत में लेकर गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान राजू सैनी कटारा (55 वर्ष), अमरनाथ (19 वर्ष) तथा विश्वनाथ (20 वर्ष), निवासी माली मोहल्ला सैनी नगर, सदर बाजार, मथुरा के रूप में हुई है।थाना कोतवाली में एफआईआर संख्या 0086 दिनांक 4 फरवरी 2026 को रात्रि 9:30 बजे दर्ज की गई है। आरोपियों के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 125, 126(2), 131, 132, सार्वजनिक संपत्ति नुकसान निवारण अधिनियम 1984 की धारा 3/4 तथा आपराधिक कानून संशोधन अधिनियम 1932 की धारा 7 के तहत मुकदमा पंजीकृत किया गया है।मामले की जांच उपनिरीक्षक अरविंद कुमार को सौंपी गई है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान पहुंचाने और कानून व्यवस्था भंग करने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। वहीं, पीड़ित पक्ष का आरोप है कि उनकी ओर से किसी प्रकार का पथराव नहीं किया गया।पीड़ित के भाई का कहना है कि हमारे भाई द्वारा किसी भी प्रकार का कोई भी पथराव बस पर नहीं किया गया है और पुलिस ने पीड़ित पक्ष पर ही कार्यवाही करते हुए एफआईआर दर्ज कर दी है जबकि घटना कारित करने वाले बस ड्राइवर पर अभी तक कोई कार्यवाही नहीं हुई है। बड़ा सवाल की पुलिस ने पीड़ित पक्ष पर सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने के आरोप में अपनी कार्यवाही करती है लेकिन पीड़ित पक्ष के आधार पर बस ड्राइवर पर कोई कार्रवाई क्यों नहीं की गई।फिलहाल पुलिस पूरे प्रकरण की विस्तृत जांच कर रही है।






